बाइक सवार हैड कांस्टेबल को कुचलने वाला ड्राइवर काबू

punjabkesari.in Monday, Nov 05, 2018 - 08:58 AM (IST)

होशियारपुर(अमरेन्द्र): थाना सदर अधीन आते गांव बजवाड़ा के पास शनिवार देर रात बाइक व बेकाबू ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार हैड कांस्टेबल जगतार सिंह की मौत हो गई थी। थाना सदर में तैनात व इस मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. सेवा सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृत हैड कांस्टेबल जगतार सिंह के बेटे इंद्रजीत सिंह के बयान के आधार पर आरोपी ट्रक चालक सुखविन्द्र सिंह पुत्र जोगा सिंह निवासी बिन्जो (माहिलपुर) के खिलाफ धारा 279, 304ए व 427 अधीन केस दर्ज कर उसे काबू कर लिया है।

सिविल अस्पताल में रविवार पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतक जगतार सिंह माहिलपुर थाना अधीन आते दाता गांव का रहने वाला था। इन दिनों उसकी तैनाती कटारिया पुलिस चौकी (बलाचौर) में थी। मृतक अपने पीछे पत्नी, 1 बेटा व 1 बेटी छोड़ गया है।

ए.टी.एम. से पैसे निकाल घर लौट रहा था हैड कांस्टेबल
सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर नवांशहर जिले के बलाचौर थाना अधीन आती कटारिया पुलिस चौकी में तैनात मृत हैड कांस्टेबल जगतार सिंह के साथियों ने गमगीन मुद्रा में बताया कि शनिवार जगतार सिंह ए.टी.एम. से पैसे निकाल होशियारपुर के ऊना रोड पर स्थित पी.आर.टी.सी. जहानखेलां में अपने सरकारी क्वार्टर लौट रहा था। चौकी से चलते समय जगतार काफी खुश था लेकिन हमें क्या पता था कि जगतार सिंह अब कभी लौट कर नहीं आएगा।

swetha