तलवाड़ा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, रॉकी गोलीकांड के 2 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Dec 22, 2018 - 01:46 PM (IST)

तलवाड़ा (टंडन): जिला पुलिस प्रमुख जे. इलनचेलियन और एस.पी. हरप्रीत सिंह पंडेर के दिशा-निर्देशों के तहत डी.एस.पी. दसूहा ए.आर. शर्मा, एस.एच.ओ. तलवाड़ा विक्रमजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस द्वारा समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तलवाड़ा बी.डी.पी.ओ. कार्यालय के निकट नवजोत सिंह रॉकी गोलीकांड के 2 आरोपियों को पकडऩे में सफलता हासिल की है।

उल्लेखनीय है कि आरोपियों ने 4 दिसम्बर को गोलियां चला कर रॉकी को घायल कर दिया था। उस संबंध में तलवाड़ा पुलिस ने 9 दिसम्बर, 2018 को 3 आरोपियों हरजिंद्र उर्फ हैप्पी, काली तथा अन्य व्यक्ति के खिलाफ 2.9.18 को नवजोत सिंह रॉकी पर फायरिंग करने के आरोप में धारा 307, 34 आई.पी.सी. 25-54-59 आम्र्ज एक्ट के तहत पहले ही मामला दर्ज किया हुआ है। डी.एस.पी. शर्मा ने आज तलवाड़ा में एक प्रैस कांफ्रैंस में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी हैप्पी व बिल्ला के खिलाफ तलवाड़ा थाने में 12.9.2016 में भी धारा 326-324-148-149 आई.पी.सी. के तहत मामला पहले से ही दर्ज है। डी.एस.पी. ने बताया कि आरोपियों के अनुसार नवजोत सिंह रॉकी पर जो हमला हुआ था वह पैसे के लेन-देन के कारण हुआ था। डी.एस.पी. ने बताया कि आरोपी हैप्पी को पुलिस ने कमाही देवी के निकट नाकेबंदी के दौरान काबू किया तथा दूसरा आरोपी अजय बिल्ला को अमृतसर से पकड़ा है। पुलिस ने दोनों आरोपी लोगों को अदालत में पेश किया। यहां अदालत ने दोनों का 22 दिसम्बर तक का पुलिस रिमांड दिया है।

नशे के खिलाफ बड़ा अभियान चलाएंगे : डी.एस.पी.
प्रैस वार्ता में पत्रकारों के सवालों के जवाब में डी.एस.पी. शर्मा ने कहा कि पुलिस नशाखोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज विरोधी तत्व को खुला नहीं छोड़ा जाएगा क्योंकि ये गुंडा तत्व समाज के लिए खतरा बने हुए हैं। इस अवसर पर एस.एच.ओ. विक्रमजीत सिंह, ए.एस.आई. हरमिंद्र सिंह, सतनाम सिंह, ओम प्रकाश, अमरजीत सिंह, नरेश कुमार, नरिंद्र कुमार, बलजीत सिंह आदि उपस्थित थे।

bharti