चोरों का आतंक, सो रहे परिवार को बनाया निशाना, ग्रिल उखाड़कर घर से उड़ाई नकदी
punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 04:26 PM (IST)
हाजीपुर (जोशी): इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों के कारण आम लोगों में भारी सहम और डर का माहौल पाया जा रहा है। ऐसी ही एक ताजा और गंभीर घटना हाजीपुर की आदर्श नगर कॉलोनी से सामने आई है, जहां चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए खिड़की की ग्रिल उखाड़कर नकदी चोरी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि घर के मालिक दूसरे कमरे में सोते ही रहे और चोर आराम से अपनी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदर्श नगर के रहने वाले तिलक राज पुत्र चुनी लाल के घर बीती रात चोर गली की तरफ से दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने कमरे की खिड़की की ग्रिल उखाड़ दी और अंदर घुसकर कमरों में रखी गोदरेज की अलमारियों व बक्से की तलाशी ली। चोर अलमारियों में से करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी चोरी करके मौके से फरार हो गए। घर के मालिकों को इस चोरी का पता उस समय चला जब उन्होंने सुबह उठकर देखा कि घर के कमरों के दरवाजे खुले थे और अंदर पड़ा सामान बिखरा हुआ था।
पीड़ित तिलक राज ने बताया कि चोरों की हरकतें और तस्वीरें घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। इस घटना की सूचना तुरंत हाजीपुर पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश के लिए आसपास की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। इलाका निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्दी काबू किया जाए ताकि लोगों का डर दूर हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

