कटरा-दिल्ली रूट पर वॉल्वो बस सेवा शुरू

punjabkesari.in Friday, Sep 14, 2018 - 02:51 PM (IST)

होशियारपुर(अमरेन्द्र): होशियारपुर निवासियों को यहां से माता वैष्णो देवी जाने के लिए वॉल्वो बस की सुविधा अब जाकर कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के सार्थक प्रयासों की वजह से मिल पाई है। वीरवार को कटरा-दिल्ली वाया होशियारपुर रूट पर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वॉल्वो बस सेवा शुरू  होते ही न सिर्फ माता वैष्णो देवी बल्कि दिल्ली जाने वाले यात्रियों के बीच भी खुशी की लहर दौड़ गई। राज्य के उद्योग व वाणिज्य मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि कैप्टन सरकार व परिवहन मंत्री अरुणा चौधरी ने मेरे सपने को आज साकार कर होशियारपुर वासियों को शानदार तोहफा दिया है।
 

क्या है वॉल्वो बसों की टाइमिंग व किराया
सम्पर्क करने पर होशियारपुर डिपो के महाप्रबंधक हरजिन्द्र सिंह मिन्हास ने बताया कि कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के प्रयास से आज रूट परमिट मिलते ही वॉल्वो बसें चला दी गई हैं। कटरा-दिल्ली बस रोजाना कटरा से दोपहर 2.40 बजे रवाना होकर जम्मू 3.50, पठानकोट 5.50, होशियारपुर रात 8.20, चंडीगढ़ 11.40 बजे होते हुए सुबह 5 बजे नई दिल्ली बस स्टैंड पहुंचेगी। यही बस रोजाना दिल्ली बस स्टैंड से रात 9.10 बजे चलकर चंडीगढ़ 2.20, होशियारपुर 5.20, पठानकोट 7.25, जम्मू 9.40 होते हुए कटरा सुबह 10.40 बजे पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि वॉल्वो बस का किराया दिल्ली से होशियारपुर तक 945 रुपए, पठानकोट का 1,200, जम्मू का 1,490 व कटरा का 1,585 रुपए तय किया गया है। होशियारपुर से कटरा का किराया 640 रुपए व होशियारपुर से चंडीगढ़ का किराया 365 रुपए लगेगा।

होशियारपुर-दिल्ली रू ट पर एक साथ 2 वॉल्वो सेवाएं भी शुरू
गौरतलब है कि होशियारपुर डिपो पर मेहरबान परिवहन विभाग की तरफ से एक साथ 2-2 वॉल्वो बसों को होशियारपुर-दिल्ली के बीच चलाने के रू ट को भी क्लीयरैंस मिल गई है। होशियारपुर बस स्टैंड से रोजाना सुबह 6.20 बजे वॉल्वो बस चलकर चंडीगढ़ 10 बजे व दिल्ली & बजे पहुंचा करेगी वहीं दूसरी वॉल्वो बस रोजाना रात 8 बजे होशियारपुर से चलकर चंडीगढ़ रात 1.30 व दिल्ली बस स्टैंड सुबह 6.30 बजे पहुंचेगी। इसी तरह दिल्ली बस स्टैंड से रोजाना 12.35 बजे चलकर चंडीगढ़ 5.40 व होशियारपुर रात 9.10 बजे पहुंचेगी। दूसरी वॉल्वो बस दिल्ली से रात 9.50 बजे रवाना हो चंडीगढ़ तड़के 3 बजे व होशियारपुर बस स्टैंड पर सुबह 5.30 बजे पहुंचा करेगी। 

अगला लक्ष्य होशियारपुर से वृन्दावन तक वॉल्वो बस सेवा का : अरोड़ा
सम्पर्क करने पर कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि होशियारपुर के लोगों को माता वैष्णो देवी व दिल्ली जाने के लिए पहली बार अत्याधुनिक वॉल्वो बस में आरामदायक सफर करने की सुविधा दिलाकर बहुत खुश हूं। होशियारपुर शहर के लोगों की दूसरी मांग कि मथुरा-वृन्दावन तक जाने के लिए भी वॉल्वो बस मिले, इस सपने को साकार करने के लिए हाल ही में परिवहन मंत्री अरुणा चौधरी से मेरी बात हुई है। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह कटरा-दिल्ली बस की सुविधा होशियारपुर के लोगों को मिली है उसी तरह जल्द ही मथुरा-वृन्दावन तक जाने के लिए भी होशियारपुर वासियों को अत्याधुनिक वॉल्वो बस मिल जाएगी।

Vatika