जम्मू-कश्मीर के पीड़ित परिवारों के लिए भिजवाई 481वें ट्रक की राहत सामग्री

punjabkesari.in Saturday, Nov 10, 2018 - 08:12 AM (IST)

जालन्धर(जोगिन्द्र संधू): पाकिस्तान की शह पर चलाए जा रहे आतंकवाद का संताप झेल रहे तथा सीमा पार से गोलीबारी कारण अपने घरों से बार-बार पलायन करने के लिए मजबूर जम्मू-कश्मीर के नागरिकों की मुश्किलें दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। दोहरी मार सहन कर रहे परिवारों के लिए हालात सुखद होने की खबरें अभी दूर की बात प्रतीत होती हैं। जम्मू के सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए हर समय पाकिस्तान द्वारा की जाती गोलीबारी का खतरा बना रहता है।

परिणामस्वरूप इन लोगों को जहां जान का नुक्सान झेलना पड़ता है, वहीं कारोबार व खेतीबाड़ी के मामले में भी बहुत घाटा बर्दाश्त करना पड़ता है।
जमीनी हकीकतें देखने के बाद ही पता चलता है कि किस तरह इन परिवारों के लिए रोजी-रोटी की मुसीबत बनी रहती है। ऐसे परिवारों की दयनीय हालत को देखते ही पंजाब केसरी पत्र समूह के श्री विजय कुमार चोपड़ा जी द्वारा अक्तूबर 1999 में एक विशेष राहत अभियान चलाया गया था।

इस अभियान के तहत अब तक करोड़ों रुपए की सामग्री तथा घरेलू जरूरत का सामान जम्मू-कश्मीर के पीड़ित परिवारों तक पहुंचाया जा चुका है। इस सिलसिले में गत दिवस 481वें ट्रक की सामग्री आतंकवाद तथा गोलीबारी से प्रभावित परिवारों के लिए भिजवाई गई। इस बार की राहत सामग्री का योगदान नोबल फाऊंडेशन लुधियाना के चेयरमैन तथा समाज सेवी श्री रजिन्द्र शर्मा तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनीता शर्मा द्वारा अपने बेटे तरुण शर्मा तथा बहू तनु शर्मा की शादी की वर्षगांठ के संबंध में दिया गया था। इस संबंधी में उनके छोटे बेटे वरुण शर्मा का भी अहम योगदान था।

राहत सामग्री के इस ट्रक को शहीद परिवार फंड के 115वें वितरण समारोह के मौके पर जालन्धर से रवाना किया गया था। इस मौके पर पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा तथा ओडिशा के राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व उनके साथ थे पंजाब के उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, पंजाब के लोकल बाडी मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू, पंजाब के डी.जी.पी. सुरेश अरोड़ा, आतंकवाद विरोधी फ्रंट के राष्ट्रीय कन्वीनर मनिन्द्रजीत सिंह बिट्टा, पूर्व भाजपा मंत्री मास्टर मोहन लाल, एस.जी.एल. चैरीटेबल ट्रस्ट जालन्धर के चेयरमैन  बाबा कश्मीरा सिंह, सी.पी.एम. के प्रमुख मंगत राम पासला, पंजाब के शिक्षा मंत्री ओ.पी. सोनी, संसद सदस्य चौधरी संतोख सिंह, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव के.डी. भंडारी, पूर्व डी.जी.पी.डी.आर. भट्टी तथा जिला कांग्रेस कमेटी जालन्धर शहरी के प्रधान दलजीत सिंह आहलूवालिया।  

इस ट्रक की सामग्री में 250 परिवारों के लिए प्रति परिवार 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, एक कम्बल, 2 किलो चीनी, 1 किलो दाल, 1 किलो साबुन, 1 बोतल सरसों का तेल, एक किलो नमक, एक पैकेट माचिस, 1 डिब्बी मोमबत्तियां तथा एक-एक पैकेट हल्दी, चायपत्ती तथा गर्म मसाला (प्रति पैकेट 250 ग्राम) शामिल था।प्रभावित परिवारों को सामग्री के वितरण हेतु लायन जे.बी. सिंह चौधरी अम्बैसेडर ऑफ गुडविल के नेतृत्व में जाने वाली टीम में श्री रजिन्द्र शर्मा, लुधियाना के ट्रांसपोर्टर सुभाष सचदेवा, इकबाल सिंह अरनेजा, योगाचार्य श्री वरिन्द्र शर्मा तथा राहुल शर्मा शामिल थे।  

swetha