डी.सी. आफिस के 5 अधिकारी सस्पैंड

punjabkesari.in Friday, Jun 15, 2018 - 08:28 PM (IST)

जालंधर(अमित): जालंधर जिला उपायुक्त वरिंदर कुमार शर्मा ने शुक्रवार को जिला प्रशासन के पांच अधिकारियों को कर्तव्य में कौताही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया।  शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि कानूनगो परमिंदर कुमार, पटवारी इकबाल सिंह, पटवारी गरीब दास, नाइब स्पेशल कानूनगो विजय कुमार और विशेष कानूनगो विजय कुमार सहित पांच अधिकारियों को अपने कर्तव्य में गंभीर चूक के लिए निलंबित कर दिया गया है। 


उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों ने कुछ लोगों के साथ मिलकर स्थानीय अदालत और जिला प्रशासन को तथ्यों की गलत व्याख्या और गलत तरीके से प्रस्तुत किया, जिसके कारण जिला उपायुक्त के आधिकारिक निवास की नीलामी से संबंधित स्थिति उत्पन्न हुई।  शर्मा ने कहा कि इन अधिकारियों ने अदालत के आदेशों से परे कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुआवजे के एक मामले में न्यायालय ने जिला जालंधर के गांव रेरू में संपत्ति की कुर्की और नीलामी के आदेश दिए थे। लेकिन इन अधिकारियों ने अपने स्वयं के स्वार्थ के लिए बस स्टैंड की संपत्ति और लाडोवाली रोड पर स्थित एक सरकारी स्कूल को जिला उपायुक्त के निवास के साथ नीलामी के लिए शामिल कर दिया था।  


जिला उपायुक्त ने कहा कि इन अधिकारियों के अपने कर्तव्यों के पालन में गंभीर चूक की है। अगर इन अधिकारियों ने अपना कर्तव्य कुशलतापूर्वक किया होता तो प्रशासन की हुई फजीहत से बचाया जा सकता था। इस तरह के बेकार और दुर्भावनापूर्ण रवैया को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है तथा इनके खिलाफ विस्तृत आरोप पत्र जारी करने का भी आदेश दिया गया है।

Vatika