अश्विनी शर्मा ने भरा भाजपा पंजाब अध्यक्ष के लिए नामांकन पत्र, श्वेत मलिक सहित 20 ने किया अनुमोदन

punjabkesari.in Friday, Jan 17, 2020 - 08:22 AM (IST)

जालंधर(राहुल): भाजपा पंजाब अध्यक्ष के चुनाव व राष्ट्रीय परिषद के 13 सदस्यों के लोकतांत्रिक ढंग से चुनाव करवाने की प्रक्रिया वीरवार दोपहर 3 बजे स्थानीय सर्किट हाऊस प्रदेश चुनाव प्रभारी अनिल सरीन व केंद्रीय चुनाव ऑब्जर्वर महेश गिरि (राष्ट्रीय सचिव, भाजपा) की उपस्थिति में शुरू हुई। 

 सर्वप्रथम 2010 में प्रदेश अध्यक्ष रहे अश्विनी शर्मा ने पंजाब प्रदेशाध्यक्ष के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसे वर्तमान अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक सहित 20 अन्य प्रतिनिधियों द्वारा अनुमोदित किया गया।  इस मौके पर राष्ट्रीय परिषद के लिए 13 सदस्यों लक्ष्मीकांता चावला (अमृतसर), मोहन लाल गर्ग (बठिंडा), मास्टर मोहन लाल (पठानकोट), इकबाल सिंह लालपुरा, प्रेम गुगनानी (संगरूर), केवल कुमार (अमृतसर), सुरजीत ज्याणी (फिरोजपुर), डॉ. बलदेव राज चावला (अमृतसर), मोहिन्द्र भगत (जालंधर), डा. दिलबाग राय (होशियारपुर), तीक्षण सूद (होशियारपुर), ओंकार सिंह पाहवा, धर्मपाल राव (फतेहगढ़ साहिब) ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

प्रदेश चुनाव अधिकारी अनिल सरीन के अनुसार अब तक पंजाब प्रदेशाध्यक्ष के लिए केवल अश्विनी शर्मा ने ही  नामांकन पत्र के 2 सैट भर कर दिए हैं। नामांकन पत्र की जांच के बाद 17 जनवरी को विधिवत घोषणा के बाद स्थानीय देशभगत हाल में नवनिर्वाचित अध्यक्ष की ताजपोशी होगी। इसी दौरान राष्ट्रीय परिषद के 13 सदस्यों की भी विधिवत घोषणा की जाएगी।

चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए अरुण सूद ने भरा नामांकन पत्र
भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन करवाने हेतु केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय सचिव वाई. सत्यकुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। उनके समक्ष वीरवार को चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष के लिए पूर्व मेयर और वार्ड नंबर-8 के पार्षद अरुण सूद ने अपने नामांकन भरे। इसके साथ ही राष्ट्रीय परिषद के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने अपना नामांकन भरा।

swetha