नगर निगम पहुंची एशियन डिवैल्पमैंट बैंक की टीम

punjabkesari.in Thursday, Apr 25, 2019 - 11:41 AM (IST)

जालंधर(खुराना): एशियन डिवैल्पमैंट बैंक (ए.डी.बी.) ने जहां शहर में नहरी पानी लाकर उसे पीने योग्य बनाने वाले सर्फेस वाटर प्रोजैक्ट हेतु पंजाब सरकार को बहुत कम ब्याज पर ऋण देना स्वीकार कर रखा है वहीं एशियन डिवैल्पमैंट बैंक द्वारा आने वाले समय में पंजाब में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत होने वाले प्रोजैक्टों की फंडिंग भी की जा सकती है।

इस सिलसिले में एशियन डिवैल्पमैंट बैंक के अधिकारियों की एक टीम ने आज जालंधर नगर निगम का दौरा किया और अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद टीम के वित्तीय विशेषज्ञों ने नगर निगम की फाइनांस व्यवस्था का लेखा-जोखा प्राप्त किया। ए.डी.बी. टीम के अधिकारियों ने निगमाधिकारियों को साथ लेकर फोल्ड़ीवाल क्षेत्र का दौरा किया जहां पहले से चल रहे सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट की क्षमता में और बढ़ौतरी करने का प्रस्ताव है। इस प्रस्ताव के अनुसार फोल्ड़ीवाल में 50 एम.एल.डी. क्षमता वाला एक और एस.टी.पी. लगाया जा रहा है जिसके लिए अमरूत योजना के तहत पैसों का इंतजाम किया जाना है। गौरतलब है कि फोल्ड़ीवाल में पहले से ही 150 एम.एल.डी. क्षमता का सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट चल रहा है परंतु वहां प्रतिदिन 300 एम.एल.डी. से ’यादा पानी सप्लाई होने के कारण बाकी पानी को ट्रीट नहीं किया जा रहा।

स्टेट व निगम का शेयर देगा ए.डी.बी.
केन्द्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय ने पिछले समय दौरान स्मार्ट सिटी मिशन व अमरूत योजना के तहत जालंधर निगम को सैंकड़ों करोड़ के फंड मंजूर कर रखे हैं जिनमें से 50 प्रतिशत राशि केन्द्र ने देनी है जबकि 30 प्रतिशत स्टेट शेयर होगा तथा 20 प्रतिशत राशि निगम को खर्च करनी होगी। पंजाब सरकार और जालंधर निगम दोनों ही इस समय तंगी के दौर से गुजर रहे हैं जिस कारण एशियन डिवैल्पमैंट बैंक को फंंडिंग के लिए मनाया गया है। ए.डी.बी. के अधिकारी आने वाले दिनों में राज्य के अन्य निगमों का भी दौरा करेंगे।

 

बस्ती पीरदाद एस.टी.पी. का पानी सिंचाई में उपयोग होगा
स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत अंडरग्राऊंड वाटर के स्तर को बचाने हेतु ट्रीट हुए वाटर को सिंचाई व अन्य कार्यों हेतु प्रयोग करने का एक प्रोजैक्ट बनाया जा रहा है जिसके तहत बस्ती पीरदाद में लगे सीवरेज ट्रीटमैंट प्लांट से ट्रीट हो रहे कुल पानी का 15 एम.एल.डी. पानी नई पाइपलाइनें बिछाकर एरिया बेस्ड डिवैल्पमैंट क्षेत्र को सप्लाई किया जाएगा जहां इस पानी को सिंचाई व पौधों इत्यादि को देने के काम में लाया जाएगा। इस प्रोजैक्ट हेतु पंजाब सरकार और नगर निगम ने जो 50 प्रतिशत खर्च वहन करना है उसका इंतजाम भी ए.डी.बी. के माध्यम से किया जा रहा है। एशियन डिवैल्पमैंट बैंक के अधिकारियों ने आज निगमाधिकारियों को साथ लेकर बस्ती पीरदाद ट्रीटमैंट प्लांट का दौरा किया और पूरे प्रोजैक्ट को समझा।

Vatika