दोस्त के साथ खेतों में पानी देखने गए किसान पर तेजधार हथियारों से हमला

punjabkesari.in Tuesday, Jun 26, 2018 - 11:21 AM (IST)

 जालंधर (महेश): थाना सदर के गांव हरदो-प्रौहला में तेजधार हथियारों से लैस 10 लोगों द्वारा एक किसान पर जानलेवा हमला कर दिया गया। गम्भीर रूप से घायल हुए हरप्रीत सिंह पुत्र हरसुखविन्द्र को रामा मंडी के जौहल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

उसके बयानों पर थाना सदर में 2 सगे भाइयों हरप्रीत सिंह व पिंदी पुत्र शीतल सिंह, कुलवंत सिंह कांता, मनप्रीत सिंह, चरणजीत सिंह व गुरप्रीत सिंह समेत 10 हमलावरों पर आई.पी.सी. की धारा 341, 323, 427, 506, 148, 149 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. सर्वजीत सिंह को किसान हरप्रीत सिंह ने बताया कि उसने शिवदेव सिंह पुत्र दर्शन सिंह से 14 किल्ले जमीन ठेके पर ली हुई है, जिस पर उसने धान की फसल की बिजाई की है।

वह अपने दोस्त अमृतपाल सिंह के साथ खेतों में पानी देखने के लिए गया था कि उक्त लोगों ने उसके दोस्त को धमकाते हुए मोटर पर बिठा दिया और उस पर हमला कर दिया। उन्होंने उसकी मोटर का स्टार्टर तथा उसका मोटरसाइकिल भी तोड़ दिया। फरार होते समय वे धमकाकर गए कि अगर उसने इस बारे किसी को कुछ बताया तो इसके परिणाम और गम्भीर हो सकते हैं। कुछ समय पहले उसका आरोपियों से जमीनी विवाद हुआ था, उसे लेकर ही उन्होंने उस पर हमला किया है।

Vatika