नाके पर खड़े ASI का गला दबाया, वर्दी फाड़ी

punjabkesari.in Saturday, Mar 24, 2018 - 10:16 AM (IST)

जालंधर(महेश): लाल रतन सिनेमा के नजदीक देर रात 12.50 बजे नाका लगाकर खड़े थाना-4 के ए.एस.आई. सुखेदव सिंह व हैड कांस्टेबल संजीव कुमार को काले रंग की कार में सवार होकर आए करीब आधा दर्जन गुंडों द्वारा बीच सड़क में बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। ए.एस.आई. सुखदेव सिंह का आरोप है कि गुंडों ने उसका गला भी दबाया और वर्दी भी फाड़ दी। इस दौरान वह बेहोशी की हालत में गिर पड़ा। दोनों पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला करने के बाद गुंडे फरार हो गए।

उन्होंने अपनी कार लवली स्वीट्स के नजदीक खड़ी की हुई थी। वहां से वे पैदल ही उनकी तरफ आए थे। ए.एस.आई. सुखदेव सिंह ने बताया कि उन्होंने एक थ्री व्हीलर को चैकिंग के लिए रुकने का इशारा किया था लेकिन वह तेज रफ्तार से वहां से फरार हो गया जिसका पीछा कर उन्होंने उसे शहीद ऊधम सिंह नगर मोड़ पर पकड़ लिया। उनकी हिमायत में आए 5-6 गुंडों ने उसे घेर लिया और उससे मारपीट करनी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि उसे थ्री व्हीलर वाले का पीछा करने को लेकर मजा चखाते हैं।थाना-4 की पुलिस ने ए.एस.आई. सुखदेव सिंह व हैड कांस्टेबल संजीव कुमार पर हमला करने के आरोप में हमलावरों के खिलाफ धारा-307, 323, 427, 353, 186 व 34 आई.पी.सी. के तहत केस दर्ज कर लिया है। सुखदेव सिंह ने कहा कि अंधेरे के कारण थ्री व्हीलर व कार का नम्बर नहीं पढ़ा जा सका, गुंडों के सामने आने पर उन्हें पहचान सकता है। 

दिल्ली की सुनीता के हाथ से लुटेरों ने मोबाइल छीना
दिल्ली की सुनीता कुमारी पुत्री अजीत सिंह के हाथ से शुक्रवार को मोटरसाइकिल सवार लुटेरे मोबाइल छीन कर ले गए। ए.पी.जे. कालेज के नजदीक हुई इस वारदात के बारे में थाना-4 के ए.एस.आई. अजिन्द्र सिंह को लाजपत नगर निवासी ऊषा थापर पुत्री धन बहादुर थापर ने बताया कि वह एक्टिवा पर अपनी दोस्त सुनीता के साथ गुरु नानक मिशन चौक की तरफ जा रही थी कि उसके पीछे बैठी हुई उसकी सहेली सुनीता के हाथ से लुटेरे मोबाइल छीन कर फरार हो गए। 

Punjab Kesari