कांग्रेसी नेता 100 डॉग पब के मालिक हरप्रीत आजाद व भाई पर केस दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Jun 30, 2018 - 08:11 AM (IST)

जालंधर(मृदुल): कांग्रेस के जिला इकोनॉमिक एंड प्लाङ्क्षनग सैल के चेयरमैन एडवो. हरप्रीत सिंह आजाद के खिलाफ थाना रामामंडी की पुलिस ने एक्साइज एक्ट व 188 सी.आर.पी.सी. के तहत केस दर्ज किया है। हरप्रीत सिंह व उसके भाई अमनदीप सिंह होशियारपुर रोड पर स्थित 100 डॉग्स पब में आने वाले युवाओं को हुक्के के साथ बिना परमिट चंडीगढ़ की शराब भी परोस रहे थे। पुख्ता सूचना के आधार पर इंस्पैक्टर रूपिंदर सिंह और सब-इंस्पैक्टर रविंदर कुमार ने फोर्स के साथ पब पर रेड की जहां पुलिस को मौके से चंडीगढ़ की 15 बोतल व्हिस्की, 27 बीयर की बोतलें और 7 हुक्के, 70 फ्लेवर्ड तंबाकू और 3 बड़े डिब्बे तंबाकू, इंपोर्टेड सिगरेट की 8 डिब्बियां बरामद हुई हैं। 

एस.एच.ओ. रूपिंदर सिंह ने बताया कि यहां बाहर से छात्र आकर पार्टी करते हैं व उक्त कांग्रेसी नेता हरप्रीत और उसका भाई अमन धड़ल्ले से अवैध रूप से नशीले पदार्थ छात्रों और युवकों को उपलब्ध करा रहे थे। छापामारी के दौरान वहां पर हरप्रीत सिंह और अमन तो नहीं थे, मगर उनके 2 वर्करों को राऊंड अप कर एक्साइज विभाग को सूचित कर दिया गया है। हरप्रीत सिंह और अमन सिंह की तलाश में रेड की जा रही है व बार से मिले दस्तावेजों को भी वैरीफाई किया जा रहा है। 

राजनीतिक संरक्षण में चल रहा था अवैध धंधा 

सूत्रों की मानें तो पिछले कई महीनों से अंडर डॉग्स पब पर शराब व हुक्का परोसने का धंधा चल रहा था। पब संचालक कांग्रेसी नेता हरप्रीत सिंह को प्राप्त राजनीतिक संरक्षण के कारण पुलिस इस पब पर हाथ नहीं डाल रही थी।  

पुलिस ने झूठा केस किया दर्ज : हरप्रीत सिंह 
कांग्रेसी नेता हरप्रीत सिंह आजाद ने कहा कि पुलिस ने उनके खिलाफ झूठा केस दर्ज किया है। पब में हुक्का बार नहीं चलाया जा रहा था। हुक्के केवल सजावट के लिए रखे गए थे। जब हरप्रीत से चंडीगढ़ की व्हिस्की, फ्लेवर्ड व अन्य तंबाकू व सिगरेट की 8 डिब्बियों की बरामदगी के बारे में पूछा गया तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका।  

हरप्रीत के खिलाफ होगी अनुशासनिक कार्रवाई : आहलूवालिया
जिला कांग्रेस शहरी के प्रधान दलजीत सिंह आहलूवालिया ने कहा कि कांग्रेस का नशा सौदागरों के खिलाफ स्टैंड एकदम क्लीयर है। वह हरप्रीत का मामला पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान सुनील जाखड़ के ध्यान में लाकर उसके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई करेंगे। 

नशों की बिक्री के पीछे कांग्रेसियों का ही हाथ : रमेश शर्मा
जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि पंजाब में नशों के बिक्री के पीछे कांग्रेसियों का ही हाथ है। कांग्रेस के एक फ्रंट्रियल संगठन के चेयरमैन के पब में हुक्का बार का होना व चंडीगढ़ की शराब का यहां आना कोई अचंभे वाली बात नहीं है। शायद पब मालिकों व पुलिस में लेनदेन गड़बड़ाने की ही नतीजा है जोकि पुलिस ने पब पर रेड की वर्ना इतने महीनों से ऐसा कारोबार पुलिस की नाक तले कैसे चल रहा था।  

 

swetha