नकदी व लाखों के सोने के आभूषण किए चोरी

punjabkesari.in Friday, Feb 07, 2020 - 11:18 AM (IST)

जालंधर(स.ह.): नकोदर शहर में अपराधियों और चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि चोरों को पुलिस का जरा भी भय नहीं है। शहर में वीरवार को दिन-दिहाड़े चोरों ने 3 चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोर तीनों घरों से लाखों के सोने के आभूषण और डेढ़ लाख रुपए की नकदी चुरा कर ले गए। चोरियों की सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 

जानकारी के अनुसार चोरों ने मोहल्ला मुनारा में आमने-सामने 2 घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मोहल्ला मुनारा के रहने वाले राकेश कुमार ने बताया कि दोपहर 2 बजे के करीब अज्ञात चोरों ने उनके घर की अलमारी के ताले तोड़ सोने की बालियां, एक टॉप्स का जोड़ा और 5000 की नकदी चुरा ली। उनका करीब 40,000 का नुक्सान हुआ है। चोरों ने वारदात को अंजाम उस समय दिया जब घर में कोई नहीं था। 

एक अन्य घटना में पूजा टंडन ने बताया कि घर से चोर 3000 की नकदी चुरा कर ले गए। दोपहर 3 बजे के करीब मोहल्ला रौता से चोरों ने कैलाश शर्मा के घर को निशाना बनाते हुए डेढ़ लाख रुपए की नकदी और साढ़े 4 लाख के सोने के जेवरात चोरी कर ले गए। वहीं, कैलाश शर्मा के बेटे विक्की शर्मा ने बताया कि चोरों ने दोपहर 3 बजे के करीब उनके घर की अलमारी के ताले तोड़ 5 ताले सोने के टॉप्स, अंगूठियां, सोने का सैट, एक सोने की चेन के अलावा डेढ़ लाख रुपए की नकदी चुरा ली। उनका करीब साढ़े 5 लाख का नुक्सान हुआ है। चोरों ने घर में ऊपर वाले कमरे में रहते किराएदार कमला बजाज के घर को भी निशाना बनाते हुए सोने के टॉप्स व सैट और 5000 की नकदी चोरी कर ले गए। वहीं दिन-दिहाड़े हुई इन चोरियों के कारण शहर निवासियों में दहशत का माहौल है। इस संबंधी थाना सिटी प्रभारी अमन सैनी ने कहा कि पुलिस चोरियों की जांच कर रही है। 

काबिले गौर है कि मंगलवार सुबह 4 बजे के करीब शहर की अशोक विहार कालोनी में आमने-सामने 2 कोठियों से अज्ञात चोर 2 सिलैंडर और एक बच्चे का साइकिल चुरा कर ले गए थे। शहर में हुई चोरियों के कारण पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि सिटी पुलिस सिर्फ  चालान काटने में ही व्यस्त है। दिन-दिहाड़े 2 घंटों में चोर पुलिस को ठेंगा दिखाते हुए लाखों की चोरियों को अंजाम देकर बड़े आराम से फरार हो जाते हैं। अब देखना यह होगा कि सिटी पुलिस इन चोरी की वारदातों को ट्रेस कर पाती है या नहीं। 

Edited By

Sunita sarangal