सिटी स्टेशन पर प्लास्टिक की खाली बोतलों से बनाया जाएगा वर्टिकल गार्डन

punjabkesari.in Tuesday, May 28, 2019 - 11:34 AM (IST)

जालंधर(गुलशन): सिटी रेलवे स्टेशन पर लुधियाना रेलवे स्टेशन के समान वर्टिकल गार्डन बनाने पर विचार किया जा रहा है। इसमें सिटी स्टेशन की दीवारों पर पेड़-पौधे लगाए जाएंगे जिसके लिए वेस्ट प्लास्टिक बॉटल्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए सी.एच.आई. मनोज कुमार एक एन.जी.ओ. की तलाश कर रहे हैं जो इस काम में उनका सहयोग कर सके। 

वर्टिकल गार्डन तैयार होने के बाद यात्रियों को स्टेशन का माहौल काफी तरोताजा लगेगा। लुधियाना स्टेशन पर 2 हजार से ज्यादा वेस्ट प्लास्टिक बॉट्ल्स में विभिन्न तरह के पौधे लगाकर प्लेटफार्म नंबर-1 की दीवारों पर लटकाए गए हैं। लुधियाना स्टेशन देश का पहला वर्टिकल गार्डन वाला स्टेशन है, जिसके बाद अब जालंधर को भी बनाया जाएगा। दीवारों पर पौधे लगाने के बाद ग्रीनरी दिखाई देगी। 

सी.एच.आई. ने बताया कि जालंधर स्टेशन पर वर्टिकल गार्डन तैयार करने के लिए एक एन.जी.ओ. को जोड़ा जाएगा जो पौधों की देखभाल करेगी। पानी की सप्लाई के लिए रेलवे अलग से प्रबंध करेगा। वर्टिकल गार्डन के लिए वेस्टेज बॉटल्स की जरूरत होगी। एक बोतल को अत्याधुनिक ड्रिप सिंचाई प्रणाली से जोड़ा जाएगा जिससे इन बोतलों में सिर्फ जरूरत भर और निर्धारित समय पर ही पानी जाएगा।

Vatika