अब सिविल अस्पताल में हंगामा करना नहीं होगा आसान, 7 जवान किए तैनात

punjabkesari.in Thursday, Nov 21, 2019 - 09:59 AM (IST)

जालंधर(शौरी): सिविल अस्पताल की एमरजैंसी वार्ड में डा. राज कुमार के साथ बदतमीजी व धक्का-मुक्की के मामले में डाक्टरों में बढ़ते रोष को शांत करने के लिए आज डी.सी.पी. गुरमीत सिंह तथा ए.सी.पी. सैंट्रल हरसिमरत सिंह मैडीकल सुपरिंटैंडैंट के ऑफिस में पहुंचे। 

इस दौरान उन्हें डाक्टरों ने बताया कि अस्पताल में हमले के मामले बढ़ रहे हैं, जिसका मुख्य कारण अस्पताल में केवल 2 पुलिस जवान की तैनाती है क्योंकि झगड़ा होने पर वे स्थिति को संभाल नहीं पाते हैं। डाक्टरों के साथ लम्बी बातचीत के बाद डी.सी.पी. गुरमीत सिंह ने तुरंत आदेश दिए कि अस्पताल में पुलिस जवानों की संख्या बढ़ाई जाए और साथ ही डाक्टरों व स्टाफ की सुरक्षा को भी यकीनी बनाया जाए। 

वहीं, देर शाम अस्पताल में 5 पुलिस जवानों को पक्के तौर पर तैनात कर दिया गया। अब करीब 7 पुलिस जवानों अस्पताल में सुरक्षा का काम करेंगे। थाना 4 के एस.एच.ओ. कमलजीत सिंह ने पुलिस जवानों से मीटिंग कर उन्हें आदेश दिए कि सभी सतर्क होकर अपनी ड्यूटी करें और हंगामा करने वालों को थाने में लाकर ड्यूटी ऑफिसर के हवाले करें।

विवाद करने वाले 3 लोगों को किया गिरफ्तार

वहीं थाना-4 की पुलिस ने सिविल अस्पताल में आन ड्यूटी डा. राज कुमार से विवाद करने के मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना-4 के एस.एच.ओ. कमलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी चंदन उर्फ माघा पुत्र स्व. मंगत राम वासी संत नगर जालंधर, राहुल अरोड़ा पुत्र शाम सुन्दर अरोड़ा निवासी सूर्या एन्क्लेव, दिनेश वर्मा पुत्र पवन कुमार वासी एल.आई.सी. फ्लैट्स अर्बन एस्टेट फेस-1 को गिरफ्तार कर लिया है। एस.एच.ओ. ने बताया कि तीनों घायल अवस्था में प्राइवेट अस्पताल में उपचाराधीन थे। डाक्टर द्वारा उन्हें आज छुट्टी देने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कल अदालत में पेश किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News