100 रुपए प्रति एम.एल.आर. को तरसे सिविल अस्पताल के एमरजैंसी डाक्टर!

punjabkesari.in Thursday, Jun 28, 2018 - 09:38 AM (IST)

जालंधर(शौरी): सिविल अस्पताल की एमरजैंसी में तैनात डाक्टर इन दिनों परेशान हुए पड़े हैं और वे 100 रुपए प्रति एम.एल.आर. को तरस रहे हैं। अधिकारियों के पास बार-बार जाने पर जवाब मिलता है कि फंड न होने के कारण पैसे आ नहीं रहे हैं। डाक्टरों में दिन-ब-दिन रोष बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में वे नई रणनीति तैयार कर सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक मारपीट में घायल लोग सिविल अस्पताल की एमरजैंसी ड्यूटी में तैनात डाक्टर से एम.एल.आर. कटवाने आते हैं। निर्धारित सरकारी फीस के तहत 300 की रसीद के बाद डाक्टर उसे एम.एल.आर. की कापी देते हैं। सरकार के आदेशों के तहत प्रति एम.एल.आर. काटने के बाद उसकी रसीद संबंधित डाक्टर अपने पास रखकर बाद में एंट्री करवाते हैं।
उदाहरण के तौर पर यदि एक डाक्टर ने महीने में 100 एम.एल.आर. काटी तो सरकार के पास 30 हजार की राशि पहुंची जिसमें से उक्त डाक्टर को 10 हजार रुपए यानी 100 रुपए प्रति एम.एल.आर. वापस मिलने होते हैं लेकिन इन दिनों एमरजैंसी में काम करने वाले डाक्टरों की यह राशि रुकी पड़ी है। 

अधिकारियों का कहना है कि फंड की कमी के कारण पैसे नहीं मिल रहे। जैसे ही फंड जारी होंगे, सभी डाक्टरों को उनका बकाया मिलेगा। नाम न छापने की शर्त पर एक डाक्टर ने बताया कि हर डाक्टर ने 50 हजार से लेकर 80 हजार रुपए विभाग से लेने हैं। यूजर चार्ज के तहत अस्पताल के पास पैसे आते हैं, फिर भी उन्हें पैसे नहीं दिए जा रहे।

Vatika