दीपक तले अंधेरा, सिविल अस्पताल में चल रही डेंगू मच्छर की फैक्टरी!

punjabkesari.in Saturday, Sep 22, 2018 - 09:16 AM (IST)

जालंधर(शौरी): महानगर व आसपास इलाके में यदि किसी को डेंगू मच्छर काट ले तो उसे लोग उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाते हैं लेकिन हालात ये हो चुके हैं कि सिविल अस्पताल परिसर में ही डेंगू मच्छर की फैक्टरी चल रही है। यदि आने वाले दिनों में अस्पताल प्रशासन न जागा तो बड़ी मुश्किल हो सकती है। 

जानकारी के मुताबिक सिविल अस्पताल के अस्थि रोग वार्ड की तरफ जाते रास्ते में स्थित मिनी लैबोरेटरी के पास स्थित कैंटीन के बाहर सीवरेज जाम हुआ पड़ा है। सीवरेज के ढक्कनों से गंदा पानी सड़क पर आने के कारण सड़क गंदे पानी से भरनी शुरू हो रही है। इस गंदे पानी में डेंगू फैलाने वाले मच्छर भिनभिनाते देखे जा सकते हैं। यहां दोपिहया वाहन चालक भी हादसे का शिकार हो सकते हैं।

एक स्टाफ ने बताया कि हड्डियों वाले वार्ड, जच्चा-बच्चा अस्पताल आदि का सीवरेज का गंदा पानी इस बड़े गटर में आता है, जोकि भर चुका है। मच्छर के काटने से सिविल अस्पताल का एक स्टाफ मैंबर भी बीमार हो चुका है।इस संबंध में बात करने पर सिविल अस्पताल के कार्यकारी मैडीकल सुपरिंटैंडैंट डा. त्रिलोचन सिंह का कहना है कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने गटर की सफाई करवाई थी, इस बाबत वह दोबारा कर्मचारियों की ड्यूटी लगवा देंगे और मच्छर मारने के लिए दवाई का छिड़काव भी करवा देंगे।
 

Vatika