कांग्रेस के राडार पर नार्थ हलके का अब एक और भाजपाई?

punjabkesari.in Saturday, Apr 21, 2018 - 01:38 PM (IST)

जालंधर (बुलंद): पंजाब में कांग्रेस सरकार आने के बाद से ही जालंधर में नार्थ हलका चर्चा का विषय बना हुआ है। चर्चा कांग्रेसियों द्वारा भाजपा वर्करों को चुन-चुन कर शिकार बनाने के मामले में हो रही है। लगातार 10 साल जालंधर नार्थ हलके में भाजपा विधायक का राज रहा है जिस दौरान कई पक्के कांग्रेसियों को या तो घरों में दुबक कर बैठना पड़ा या फिर कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थामना पड़ा। इतना ही नहीं भाजपा के राज में कई कांग्रेसियों की महिलाओं पर भी केस दर्ज किए गए। उनके घरों पर पुलिस रेड्ज करवाई गईं।

10 सालों में गुलामी भरा जीवन जीने के बाद जैसे ही सत्ता की चाबी कांग्रेस के हाथ में आई वैसे ही एक-एक करके नार्थ हलके में कांग्रेस ने उन भाजपा वर्करों को निशाना बनाया जिनसे पिछले 10 साल वे परेशान रहे। पहला निशाना बने सहगल भाई आशीष सहगल व मुनीष सहगल जिनको अवतार हैनरी के खिलाफ केस करने की सजा मिली। दोनों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ। इस दौरान मुनीष की बुरी तरह से पिटाई की गई। आखिर आशीष को प्रैस कांफ्रैंस कर हैनरी से माफी मांगनी पड़ी। इसके बाद नंबर लगा एक अन्य भाजपा वर्कर का जिसे शीतला मंदिर के पास भगा-भगा कर कांग्रेसियों ने पीटा। उसके बाद अब चर्चा में आया केस जय महेंद्रू का है जिसकी रिवाल्वर छीनने के मामले में पहले तो भाजपा नेता व पूर्व विधायक के दबाव में पुलिस ने कांग्रेसी वर्करों पर केस दर्ज कर दिया, फिर अगले ही दिन सत्ताधारी कांग्रेस के दबाव में केस रद्द कर उलटा भाजपा वर्कर पर ही केस बनाने की तैयारी की गई। 

उत्तरी हलके में सबकी जुबान पर यही चर्चा है कि अब अगला कांग्रेस का शिकार कौन सा भाजपाई वर्करहोगा? ऐसे में एक नाम जो सामने आ रहा है वह एक ऐसे युवा भाजपा नेता का है जिसने भाजपा के 10 सालों के राज में खूब चांदी कूटी। जानकारों की मानें तो उसकी पूरी डिटेल कांग्रेसी दरबार में पहुंच चुकी है। उक्त भाजपा नेता का 2 साल पहले चोरी के सोने के लेन-देने के मामले में नाम आया था, पर तब भाजपा की सरकार थी और उसने अन्य भाजपा नेता की सिफारिश से अपना नाम उक्त केस में से निकलवा लिया था। जानकारों की मानें तो अब उक्त केस दोबारा खुल चुका है और कोई हैरानी नहीं होगी अगर उक्त केस में दोबारा इस भाजपा नेता को शामिल करके उस पर केस दर्ज कर दिया जाए। ऐसे में जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में उन भाजपा वर्करों की शामत आना स्वाभाविक है जिन्होंने अपनी सरकार के दौरान खूब धक्केशाही की और कांग्रेसियों की नाक में दम किए रखा था। 

Vatika