सफाई कर्मचारी हड़ताल पर, पंजाब सरकार के खिलाफ निकाली भड़ास

punjabkesari.in Wednesday, Feb 20, 2019 - 11:22 AM (IST)

जालंधर(खुराना,सोनू): एक बार फिर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। शहरवासियों को आने वाले दिनों में कूड़े के ढेरों व बदबू भरे वातावरण का सामना करना पड़ सकता है। पंजाब सफाई मजदूर फैडरेशन के अध्यक्ष चंदन ग्रेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार और निगम प्रशासन कर्मचारियों की मांगों प्रति बेरुखी भरा व्यवहार कर रहे हैं जिसके चलते अनिश्चितकालीन हड़ताल की कॉल दी गई है। मांगें न माने जाने तक हड़ताल जारी रहेगी।

इस बीच पता चला है कि निगम यूनियन ने शहर में कार्यरत सभी सफाई सुपरवाइजरों को फोन करके बुधवार से किसी वार्ड में सफाई का काम न करने और वार्डों में तैनात सभी 2000 सफाई कर्मचारियों को प्रात: 9.30 बजे निगम परिसर लाने को कहा है। निगम परिसर में वाल्मीकि समुदाय के नेता सत्ताधारी कांग्रेस विरुद्ध जबरदस्त संघर्ष छेड़ सकते हैं। पता चला है कि हड़ताल को टालने के प्रयासों के तहत मेयर जगदीश राजा ने यूनियन नेताओं की नवजोत सिद्धू से मुलाकात करवाने के प्रयास भी किए परंतु अभी तक सिद्धू की ओर से कोई रिस्पांस मिलता दिखाई नहीं दे रहा।

क्लैरिकल स्टाफ पहले ही हड़ताल पर, सीवरमैन और ड्राइवर भी होंगे शामिल
सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ 20 फरवरी से शहर के तमाम सीवरमैन तथा ड्राइवर भी हड़ताल पर जा रहे हैं जिस कारण शहर में साफ-सफाई को लेकर दिक्कत आ सकती है। निगम का क्लैरिकल स्टाफ पहले ही हड़ताल पर चल रहा है। ऐसे में निगम के ऑफिसों को बुधवार ताला लग सकता है।

हड़ताल से पहले ही बेहाल है शहर 
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार से शुरू होने जा रही है परंतु इन दिनों हो रही बारिश के कारण शहर का हाल पहले ही बेहाल है। सभी मुख्य सड़कों पर कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। जगह-जगह कूड़े के नए-नए डम्प उभर रहे हैं। रेलवे स्टेशन के ठीक पीछे जहां फ्लाईओवर को सड़क जाती है वह कूड़े तथा कीचड़ से भरी पड़ी है, जिस कारण शहरवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।  लोगों में चर्चा है कि अगर हड़ताल से पहले ही शहर का यह हाल है तथा ऐसी स्थिति कुछ दिन चली तो क्या शहर रहने लायक रह जाएगा।

swetha