दीपांश-सिमरन डबल मर्डर केस में वांछित गैंगस्टर राजा पहाडिय़ा को प्रोडक्शन वारंट पर लाई कमिश्नरेट पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, Jan 22, 2019 - 09:57 AM (IST)

जालंधर(शौरी): दीपांश-सिमरन डबल मर्डर केस में वांछित व महानगर, खास तौर पर बस्तीयात इलाके में दहशत फैलाने वाले गैंगस्टर राजा पहाडिय़ा को थाना भार्गव कैम्प की पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाई है। पहाडिय़ा के खिलाफ हत्या व इरादा-ए-कत्ल सहित कई केस दर्ज हैं जिसे दिल्ली पुलिस ने कुछ दिन पहले अवैध असले के साथ गिरफ्तार किया था और अमृतसर में एक केस के सिलसिले में राजा वहां की जेल में बंद है।

पुलिस कमिश्नरेट जालंधर के थाना भार्गव कैम्प में भी पहाडिय़ा पर 4 केस दर्ज हैं और एस.एच.ओ. भार्गव कैम्प बलजिद्र सिंह आज पुलिस पार्टी सहित अमृतसर जेल पहुंचे और वहां से उसे लाकर एक दिन का रिमांड लिया है। एस.एच.ओ. बलजिद्र सिंह ने बताया कि राज कुमार उर्फ राजा पहाडिय़ा (34) मूल निवासी गांव बालू (हिमाचल प्रदेश) हाल किराएदार बस्ती शेख ने राज नगर इलाके में दीपांश व सिमरन नामक दोनों युवकों पर जिम के बाहर गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर दलजीत सिंह भाणा, विक्की गिल, गोपी खालसा, स्वीटी, राजा पहाडिय़ा व दलबीर सिंह आदि को नामजद किया था। इस केस में पुलिस को पहाडिय़ा वांछित था, जबकि भाणा, विक्की, गोपी, स्वीटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। कुछ साल पहले आबादपुरा इलाके में बंटी निवासी आबादपुरा को गोली मार कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया था।

बंटी के बयानों के आधार पर पहले पुलिस ने बिट्टी के खिलाफ केस दर्ज किया था लेकिन बाद में बंटी ने पुलिस को लिखित दिया कि बिट्टी का कोई कसूर नहीं है, राजा पहाडिय़ा ने ही उस पर गोलियां चलाई हैं। पुलिस ने एफ.आई.आई. नं. 141, सन् 2011 में राजा को नामजद किया था। इसके अलावा पहाडिय़ा ने भार्गव कैम्प इलाके में रवि पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था जिसमें उसके खिलाफ खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। थाना भार्गव कैप में पहाडिय़ा के खिलाफ एन.डी.पी.एस. का केस भी दर्ज है और इसमें भी वह भगौड़ा हो चुका है।  सूत्रों से पता चला है कि पहाडिय़ा को सी.आई.ए. स्टाफ में रखा गया है और पुलिस लगातार उससे अवैध असला व तेजधार हथियार आदि बरामद करने की कोशिश में है।

Vatika