पति पर लगाया दूसरा विवाह करवाने का आरोप, 15 दिन बाद झारखंड से लौटा तो कर दी धुनाई

punjabkesari.in Wednesday, Jun 06, 2018 - 10:31 AM (IST)

जालंधर (वरुण): माडल टाऊन के साथ सटे करतार नगर में पति पर दूसरा विवाह करवाने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने जमकर हंगामा किया। महिला आपे से बाहर हुई तो उसने अपने पति की धुनाई कर दी व बाद में पति की कार के शीशे तोड़ दिए। महिला का आरोप है कि पति ने झारखंड जाकर दूसरा विवाह करवा लिया व अब जिस घर में वह रह रही है उसे बेचने के लिए कागजात लेने आया है। इस विवाद की सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची व पति को हिरासत में ले लिया। 

करतार नगर की रहने वाली ऊषा रानी ने बताया कि उसका विवाह 30 साल पहले हुआ था। उसे कुछ समय पहले पता लगा कि पति का कहीं ओर अफेयर चल रहा है। करीब एक हफ्ता पहले उसे पता लगा कि पति ने दूसरा विवाह करवा लिया है। उसने झारखंड रहते रिश्तेदारों से बात की तो उन्होंने बताया कि उसका पति अब घर बेचने की फिराक में है। 
मंगलवार सुबह जैसे ही ऊषा रानी का पति अपनी कार में दोस्तों समेत घर आया तो ऊषा ने दूसरा विवाह रचाने का विरोध किया। ऊषा का कहना है कि उसके पति ने उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की जिस कारण वह घायल भी हुई। किसी तरह उसने पति को घर से बाहर निकाला व उसकी धुनाई कर दी।

 शोर सुनकर आसपास के लोग भी इक_ा हो गए व सूचना पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे थाना भार्गव कैंप के ए.एस.आई. सतनाम सिंह ने महिला पुलिस मुलाजिमों को साथ लेकर महिला को संभाला और पति को हिरासत में ले लिया।पुलिस ने बताया कि महिला को उसके पति ने साथ रहने का भरोसा दिया है जिसके बाद राजीनामा करवाकर उसे छोड़ दिया है।

Vatika