जालंधर को नशे की गर्त में धकेलते विदेशी

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2019 - 10:31 AM (IST)

जालंधर(सोमनाथ): पंजाब के जिला जालंधर को विदेशी तस्कर नशे की दलदल में धकेलते जा रहे हैं। पुलिस ने बीते 9 महीनों में 18 नाइजीरियन तस्करों को पकड़ा है। जानकारी के मुताबिक इनमें 13 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं। देहात पुलिस ने इनसे 27 किलो 803 ग्राम हैरोइन पकड़ी है। गिरफ्तार किए गए कुछ नाइजीरियन के पासपोर्ट ही नहीं हैं और कुछ ऐसे भी हैं जिनका वीजा खत्म हो चुका है।

जालंधर शहर में नशे के कारोबार में विदेशियों की भूमिका बढ़ती जा रही है। अभी तक जितने भी विदेशी पकड़े गए हैं उनमें अधिकांश नाइजीरियन हैं। जानकारी के मुताबिक ड्रग रैकेट चलाने वाले लोग इंडियन ही हैं। इन लोगों को ड्रग माफिया दिल्ली से बैठकर ऑप्रेट करता है। ये लोग ड्रग्स को स्मगल करने के लिए तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं फिर भी पुलिस की गिरफ्त में आ ही जाते हैं। हाल ही में पुलिस ने एक किलो हैरोइन के साथ नाइजीरियन जस्टिन को गिरफ्तार किया है। वह दिल्ली से भोगपुर में किसी ग्राहक को डिलीवरी देने आया था। आरोपी के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया गया है। 

इसी तरह जनवरी माह में भी एक नाइजीरियन महिला समेत 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इनके साथ 5 साल की एक ब‘ची थी जिसके टैडी बियर से पुलिस ने 1 किलो हैरोइन बरामद की थी। ब‘ची के दूध के डिब्बे को खोला गया तो उसमें भी हैरोइन बरामद हुई थी। पुलिस के मुताबिक इन लोगों को ड्रग का कारोबार कराने वाले बड़े माफिया इस तरह से मैनेज करते हैं कि उन तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। जालंधर ग्रामीण पुलिस के एस.एस.पी. नवजोत सिंह माहल का कहना है कि विदेशी नागरिक पैसे के लालच में आकर ड्रग्स के धंधे में फंस जाते हैं। उन्हें इस बात का कतई अहसास नहीं होता है कि पंजाब के युवा ड्रग्स के कारण किस तरह बर्बाद हो रहे हैं। रा’य में ड्रग दिल्ली से आ रही है, मगर पुलिस की मुस्तैदी से तस्कर सफल नहीं हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब पुलिस दिल्ली पुलिस के साथ तालमेल बिठाने की कोशिश कर रही है, जिससे ड्रग के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके।  

जालंधर पुलिस द्वारा गिरफ्तार विदेशी तस्कर
-20 अप्रैल को देहात पुलिस की सी.आई.ए. स्टाफ-एक की पुलिस ने 110 ग्राम हैरोइन की सप्लाई देने आए एक नाइजीरियन युवक को गिरफ्तार किया । आरोपी की पहचान नाइजीरिया के रहने वाले उडागू जॉनसन पुत्र इफाउना के रूप में हुई है। आरोपी एक साल पहले तीन माह के बिजनैस वीजा पर भारत आया था। वीजा खत्म होने के बावजूद वह मौजूदा समय में नई दिल्ली के विकासपुरी में किराए के फ्लैट में रह रहा था।    

-10 अप्रैल को थाना भोगपुर पुलिस ने नई दिल्ली से 1 किलोग्राम हैरोइन की सप्लाई देने आए नाइजीरियन को गिरफ्तार किया। आरोपित जस्टिन एक साल पहले भारत आया था और नई दिल्ली के द्वारका ब्लॉक-डी में किराए के फ्लैट में रहता था। 

-7 अप्रैल को फिल्लौर पुलिस ने एक विदेशी युवक को काबू कर उससे आधा किलो हैरोइन बरामद की। आरोपी की पहचान नाइजीरिया के रहने वाले जॉन विलियम के रूप में हुई। जॉन विलियम ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह स्टडी वीजा पर भारत आया है। दिल्ली में उसकी मुलाकात विदेशी नागरिक फिलिप्स से हुई, जिसने उसे आधा किलो हैरोइन दी। उसने हैरोइन जालंधर में सप्लाई करनी थी। 

-5 जनवरी को पुलिस ने मिजोरम की रहने वाली ब्यूटीशियन चौथाटगुप्पी, उसके पति आमिर अली, नौकरानी मैक्यू और नाइजीरियन नागरिक ओहास डगो को गिरफ्तार कर 2 किलो हैरोइन बरामद की है। 1 किलो हैरोइन टैडी बियर में तो आधा-आधा किलो हैरोइन दूध और जूस के डिब्बों में छिपा कर रखी गई थी। 

-22 जनवरी को जालंधर काऊंटर इंटैलीजैंस पुलिस ने नाइजीरियन लड़की को हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया। मछली के पेट में कैप्सूल रखे हुए थे जिनमें हैरोइन थी। 

-19 नवम्बर 2018 को जालंधर पुलिस ने एक नाइजीरियन युवक को डेढ़ किलो हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान कैल्विन अमास इकबेन्सन के रूप में हुई है, जोकि नाइजीरिया की बेनिन सिटी का रहने वाला है। युवक की गिरफ्तारी राओवाली के पास हुई थी।

-1 अक्तूबर 2018 को सी.आई.ए. स्टाफ ने 200 ग्राम हैरोइन समेत नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि साईं दास स्कूल की बैक साइड पर एक महिला हैरोइन तस्करी का धंधा करती है और जब पुलिस ने छापेमारी की तो एने गिफ्ट चिनेर नामक नाइजीरियन महिला को 200 ग्राम हैरोइन समेत गिरफ्तार किया। एने गिफ्ट चिनेर पत्नी एने नाइजीरिया सैक्टर-8 द्वारका नई दिल्ली की रहने वाली है।

Vatika