कांग्रेसी नेता सुक्खा लाली, कॉलोनाइजर भिंदा और एन.आर.आई. हिम्मत सिंह के घर व ठिकानों पर रेड

punjabkesari.in Saturday, Dec 07, 2019 - 08:58 AM (IST)

जालंधर: इंफोर्समैंट डायरैक्टोरेट (ई.डी.) ने शुक्रवार को देहाती कांग्रेस के जिला प्रधान सुखविंद्र सिंह सुक्खा लाली, ड्रीमलैंड प्रॉपर्टी के मालिक भूपिंद्र सिंह भिंदा और गांव बडिंग के रहने वाले अमरीका से डिपोर्ट एन.आर.आई. हिम्मत सिंह हिम्मती व कंवलजीत सिंह के घर और अन्य ठिकानों पर रेड की। ई.डी. को चारों के घर से कई महत्वपूर्ण कागजात मिले हैं, जिनमें हवाला ट्रांजैक्शन के साथ-साथ विदेशों में प्रॉपर्टी की मालिकी के दस्तावेज भी मिले हैं। ई.डी. की जांच अमरीका से शुरू होती होती जालंधर तक पहुंची। इस सारे केस में मास्टरमाइंड एन.आर.आई. हिम्मत सिंह हिम्मती को ही बताया जा रहा है। शहर में चारों के 6 ठिकानों पर रेड की गई है। 

सुबह 8 बजे ई.डी. की टीमें कांग्रेसी लीडर सुक्खा लाली, मॉडल टाऊन में प्रॉपर्टी का कोराबार करते भूपिन्द्र सिंह भिंदा और बडिंग के हिम्मत सिंह हिम्मती के घर और उनके कारोबारी ठिकानों पर पहुंची, जोकि रात 8 बजे तक जांच में जुटी रही। इन 12 घंटों में ई.डी. को तीनों के घर से कई कागजात मिले हैं, जिनमें विदेश में हुई हवाला ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड है, जिसके साथ-साथ उन्हें यह भी सबूत मिला है कि तीनों की विदेश में काफी प्रॉपर्टी के साथ-साथ कई बैंक अकाउंट भी खुले हैं, जिनमें सारी काली कमाई को सफेद करके पैसा रखा जा रहा था। ई.डी. जल्द ही तीनों को तलब करेगी और स्टेटमैंट के लिए बुलाएगी। ई.डी. ने सारा रिकॉर्ड जब्त कर लिया है और खंगाल रही है कि इस नैक्सस में कौन-कौन शामिल है।

भिंदा का पार्टनर कंवलजीत सिंह भी आया निशाने पर 
सूत्रों की मानें तो भिंदा और हिम्मत सिंह काफी पुराने दोस्त हैं। भिंदा शहर के कई नामी प्रॉपर्टी बिल्डरों में शुमार है। बताया जाता है कि उसका मॉडल टाऊन स्थित ड्रीमलैंड प्रॉपर्टी नामक ऑफिस भी है और कॉलोनियां भी काटते हैं। ङ्क्षभदा और हिम्मत सिंह की दोस्ती के चर्चे पूरे शहर में हैं। भिंदा के पार्टनर कंवलजीत सिंह के हरबंस नगर स्थित घर में भी रेड हुई है। जहां से उन्हें कंवलजीत के खिलाफ भी कई कागजात मिले हैं। घर से भी कई कागज मिले हैं, जिनमें इंगलैंड और कनाडा में प्रॉपर्टी खरीदने के सबूत हैं, जोकि अनक्लीयर नहीं किए गए हैं।
 
मॉडल टाऊन के अन्य कई प्रॉपर्टी डीलरों पर भी ई.डी. की नजर 
सूत्रों की मानें मॉडल टाऊन में भूपिन्द्र सिंह भिंदा के साथ कारोबार करते कई अन्य प्रॉपर्टी डीलरों व कॉलोनाइजरों का नाम सामने आ रहा है, जोकि भिंदा के साथ कारोबार करके विदेश में प्रॉपर्टी में इंवैस्ट कर रहे हैं। इनमें कई प्रॉपर्टी डीलर भिंदा के दोस्त भी हैं, जोकि जी.टी.बी. नगर रोड पर अपने ऑफिस में काम करते हैं। ई.डी. जल्द ही उन पर भी कार्रवाई करेगी। 

सुक्खा लाली बना है हिम्मत सिंह का आका : विभागीय सूत्र 
ई.डी. के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो इस केस में सुक्खा लाली और हिम्मत सिंह की मुख्य रूप से शमूलियत है, क्योंकि हिम्मत सिंह जहां हवाला कारोबार के जरिए सारी काली कमाई को सफेद करवा रहा है, वहीं दूसरी ओर हिम्मत सिंह और भूपिन्द्र सिंह भिंदा जैसे नामी लोगों को पॉलीटिकल शैल्टर देने का काम कांग्रेसी देहाती के जिला प्रधान सुखविन्द्र सिंह सुक्खा लाली करता है। हालांकि सुक्खा लाली द्वारा इस शैल्टर गेम को ई.डी. ने रेड करके पर्दाफाश किया है।  

8 साल पहले हिम्मत सिंह को अमरीका में ड्रग्स के केस में हुई थी सजा  
ई.डी. की जांच काफी देर से चल रही थी क्योंकि ई.डी. की नजर अमरीका से डिपोर्ट हुए हिम्मत सिंह हिम्मती पर थी जोकि करीब 4 साल पहले अमरीका से डिपोर्ट हुआ था। हिम्मत सिंह ड्रग्स तस्करी के कारोबार के चलते अमरीका में मशहूर हुआ था और ड्रग्स के केस में ही अमरीकी पुलिस ने उसे पकड़कर जेल भेज दिया। जहां कोर्ट केस के बाद उसे 8 साल की सजा हुई थी।  सजा काटने के बाद 4 साल पहले ही वह जालंधर आकर गांव बडिंग में बनी अपनी कोठी में रहने लगा। बडिंग में स्थित उसकी आलीशान कोठी को देख ई.डी. को पता चला कि उक्त आरोपी हवाला कारोबार में संलिप्त है, जिसके चलते उस पर नजर रखनी शुरू की तो पाया कि इस नैक्सस में शहर के नामी बिल्डर्स और लीडर भी शामिल हैं। ई.डी. को हिम्मत सिंह के घर से कुछ ऐसे कागजात मिले हैं, जिनसे पता चला है कि हिम्मत सिंह ने अमरीका, कनाडा में अपने रिश्तेदारों के नाम पर सम्पत्ति खरीद रखी है और अन्य कई अकाऊंट में ट्रांजैक्शन के भी सबूत मिले हैं। 

नवजोत सिद्धू का फैन है हिम्मत सिंह हिम्मती 
हिम्मत सिंह की फेसबुक प्रोफाइल पर देखा जाए तो वह कांग्रेस के पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का फैन है। उसकी फेसबुक पर सिद्धू के साथ काफी फोटो हैं, जिसके चलते वह पैसे के साथ-साथ पॉलीटिकल पावर का भी इस्तेमाल करना जानता है। हिम्मत सिंह ठाठ-बाठ से रहने का भी शौकीन है। 

swetha