पंजाब में गिरते जल स्तर को देखते केंद्र सरकार फसल विभिन्नता को उत्साहित करे : संतोख सिंह

punjabkesari.in Friday, Dec 13, 2019 - 11:15 AM (IST)

जालंधर(धवन): कांग्रेसी सांसद चौधरी संतोख सिंह ने संसद में सतलुज दरिया के धुस्सी बांध में पिछले समय आई दरारों तथा पंजाब में गिरते भूमिगत जल स्तर का मामला उठाया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कारणों से फसलों को होने वाले नुक्सान तथा किसानों पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए केंद्र सरकार को किसानों की भरपाई के लिए आगे आना चाहिए था। उन्होंने कहा कि भाखड़ा डैम से अतिरिक्त पानी को छोड़े जाने से पंजाब के कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया था। इससे राज्य के किसानों को लगभग 1220 करोड़ रुपए का नुक्सान उठाना पड़ा।

उन्होंने संसद को सूचित किया कि पिछले कई वर्षों से सतलुज दरिया का धुस्सी बांध लगातार कमजोर होता रहा। उन्होंने सरकार से कहा कि वह फसलों की सुरक्षा के लिए धुस्सी बांध को मजबूत बनाए ताकि बाढ़ से फसलों का नुक्सान न हो सके। पंजाब में गिरते जल स्तर का मामला उठाते हुए सांसद ने कहा कि पंजाब के कई ब्लाक सूख चुके हैं तथा यहां पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पंजाब के उन सूखे ब्लाकों को ऊपर उठाने में आॢथक मदद देनी चाहिए।

सरकार को फसल विभिन्नता को उत्साहित करने के लिए पंजाब को खुलकर ग्रांटों के गफ्फे देने चाहिएं। सांसद चौधरी ने कहा कि पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने किसानों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं तथा छोटे किसानों के ऋणों को भी माफ किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास संसाधन सीमित होते हैं इसलिए केंद्र को किसानों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

Edited By

Sunita sarangal