सी.बी.आई. अदालत ने की पूर्व अकाली मंत्री व बेटे सहित 4 लोगों की डिस्चार्ज एप्लीकेशन डिसमिस

punjabkesari.in Friday, Aug 31, 2018 - 10:13 PM (IST)

मोहाली (कुलदीप): करोड़ों की सिंथैटिक ड्रग्स तस्करी मामले से जुड़े एक केस में सी.बी.आई. की विशेष अदालत ने पूर्व अकाली जेल मंत्री सरवन सिंह फिलौर, उसके बेटे दमनवीर सिंह फिलौर तथा पूर्व चीफ पाॢलयामैंट्री सैक्रेटरी अविनाश चन्द्र सहित 4 आरोपियों की डिस्चार्ज एप्लीकेशनों को डिसमिस कर दिया है। अदालत ने ई.डी. द्वारा पेश किए गए चालान के सभी आरोपियों के खिलाफ मनी लांडरिंग एक्ट के तहत आरोप तय करने संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। अब अगली तारीख पर अदालत द्वारा आरोप तय कर दिए जाएंगे। उक्त सभी आरोपी मनी लांडरिंग केस में आरोपी हैं जिन्होंने पंजाब पुलिस के डिसमिस डी.एस.पी. जगदीश भोला से मिलकर सिंथैटिक ड्रग तस्करी से करोड़ों रुपए इकटठे किए थे। इंफोर्समैंट डायरैक्टोरेट (ई.डी.) द्वारा गत वर्ष आरोपियों खिलाफ सी.बी.आई. की अदालत में मनी लांडरिंग एक्ट के तहत चालान पेश कर दिया था।

ई.डी. के डिप्टी डायरैक्टर निरंजन सिंह द्वारा ई.डी. के स्पैशल प्रॉसीक्यूटर जगजीतपाल सिंह सराओ के माध्यम से पेश किए गए चालान में सरवन सिंह फिलौर (पूर्व जेल मंत्री), अविनाश चंद्र (पूर्व एम.एल.ए. तथा पूर्व चीफ पार्लियामैंट्री सैक्रेटरी पंजाब), जगजीत सिंह चाहल, परमजीत  सिंह चाहल, इन्द्रजीत कौर चाहल (पत्नी जगजीत सिंह चाहल), दविन्द्र कांत शर्मा (हिमाचल प्रदेश), जसविन्द्र सिंह, सचिन सरदाना, सुशील कुमार सरदाना, श्रीमति कैलाश सरदाना (पत्नी सुशील सरदाना), रशमी सरदाना (पत्नी सचिन सरदाना), दमनवीर सिंह फिलौर के साथ कुल आठ कंपनियों के नाम शामिल किए गए थे।

ई.डी. द्वारा पेश किए गए चालान में बताया गया था कि उक्त आरोपियों ने ड्रग तस्करी से बनाए गए पैसे से खुद तथा अपनी कंपनियों के पार्टनरों के माध्यम से चल व अचल जायदाद बनाई और अपनी उक्त कंपनियों में पैसा लगाया। पंजाब पुलिस ने वर्ष 2012-14 में ड्रग तस्करी संबंधी कई एफ.आई.आर. दर्ज की थीं।  ई.डी. द्वारा 25 मार्च 2013 को प्रीवैंशन ऑफ मनी लांडरिंग (पी.एम.एल.ए.) एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। बतानेयोग्य है कि गत वर्ष दिसंबर महीने में अदालत ने आरोपियों द्वारा दायर की गई जमानत याचिकाओं को भी रद्द कर दिया था। प्राप्त जानकारी मुताबिक ई.डी. द्वारा ड्रग तस्करी केस से जुड़े लोगों की 61.62 करोड़ रुपए की कीमत वाली प्रॉपर्टीज अटैच की जा चुकी है जिनमें शोरूम, एग्रीकल्चर लैंड, रिहायशी मकान, सात लग्जरी कारें, फिक्स डिपोजिट सहित कंपनियों के नाम पर संपत्ति भी शामिल थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Des raj

Related News