पूर्व विधायक राज कुमार गुप्ता पंचतत्व में विलीन

punjabkesari.in Wednesday, Feb 12, 2020 - 05:04 PM (IST)

जालंधर: जालंधर में कांग्रेस के पूर्व विधायक राजकुमार गुप्ता का बुधवार को हरनामदास पुरा श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। पचासी वर्षीय श्री गुप्ता का मंगलवार देर रात निधन हो गया था। वह काफी दिनों से बीमार थे। गुप्ता ने वर्ष 1960 में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। तीन बार पार्षद रहने के बाद विधायक बने। वह कांग्रेस के जिला प्रधान और स्मॉल स्केल इंडस्ट्री के चेयरमैन भी रहे हैं। वह वर्ष 2002 में कांग्रेस की टिकट पर जालंधर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीते थे। हालांकि बाद में उन्होंने कुछ समय भाजपा में भी बिताया लेकिन फिर कांग्रेस में वापसी की।

उनके पुत्र पवन गुप्ता भी पार्षद रह चुके हैं। वह जो भी कहते थे, स्पष्टता और मुखरता के साथ कहते थे। यही उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता थी। गुप्ता कांग्रेस के बड़े नेताओं में शुमार थे। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने हिंदू बहुल जालंधर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से सबसे पहले तेजिंदर बिट्टू को टिकट दिया था। बाद में उनका टिकट काटकर वरिष्ठ नेता गुप्ता को उम्मीदवार बनाया गया था। उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में पूर्व मंत्री अवतार हैनरी का खेमा बगावत पर उतर आया था। बचाव की मुद्रा में आई कांग्रेस को आखिरकार झुकना पड़ा और फिर राज कुमार गुप्ता की भी टिकट काटकर मौजूदा विधायक बावा हैनरी को टिकट दे दी गई थी। गुप्ता के अंतिम संस्कार में कांग्रेस और भाजपा के कई नेता और कार्यकत्र्ता शामिल हुए।
 

Vaneet