सिम्बोसिस पुणे MBA करने वाले विजय को नशे की लत ने बना दिया ठग

punjabkesari.in Tuesday, Nov 20, 2018 - 09:38 AM (IST)

जालंधर (कमलेश): आर्मी जवान का ए.टी.एम. कार्ड बदल कर 50 हजार रुपए निकालने के 2 आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विजय कुमार वासी गुरु अमरदास नगर व संजीव वासी संतोखपुरा के रूप में हुई है। दकोहा चौकी इंचार्ज रविन्द्र कुमार ने बताया कि विजय ने सिम्बोसिस पुणे से एम.बी.ए. की डिग्री हासिल की है। डिग्री के बाद विजय ने कंपनी में जॉब की पर विजय को नशे की लत लग गई। इसी कारण उसे अपनी नौकरी से भी हाथ धोना पड़ा।  

दूसरा आरोपी संजीव कुमार ए.टी.एम. कार्ड से धोखाधड़ी के अलावा नशा तस्करी के धंधे में भी संलिप्त है। दोनों  के खिलाफ पुलिस ने  धारा 420, 379 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों से 8 ए.टी.एम. कार्ड और 30 हजार रुपए की नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने अदालत से आरोपियों का 1 दिन का रिमांड हासिल किया है। आर्मी जवान शरत लाल पुत्र मोती लाल रामा मंडी फ्लाइओवर के पास स्थित ए.टी.एम. में पैसे निकलवाने गया था जहां विजय और संजीव ने धोखे से उसका ए.टी.एम. कार्ड बदल दिया था। कांस्टेबल को धोखाधड़ी का पता तब चला जब देर रात को उसके बैंक खाते से 50 हजार रुपए की नकदी निकाले जाने का मैसेज आया। पुलिस को मामले की शिकायत दे दी गई।

पुलिस पूछताछ में विजय ने बताया  कि वह नशे का आदी था और संजीव से नशा खरीदता था। धीरे-धीरे उसकी संजीव से दोस्ती हो गई। विजय के पास नौकरी नहीं थी इसलिए नशा खरीदने के पैसे भी कम पडऩे लगे। इसके बाद संदीप ने उसे पैसे कमाने का आसान तरीका समझाया जिसके बाद वे ए.टी.एम. पर आने वाले सीधे-साधे लोगों का ए.टी.एम. कार्ड बदलकर उनसे ठगी मारने लगे। दोनों आरोपी अब तक  कई लोगों के ए.टी.एम. कार्ड बदलकर लोगों से लाखों की ठगी कर चुके हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी विजय के खिलाफ थाना-1, 3, 4, 5 ,रामा मंडी, बस्ती बावा खेल में ठगी के कई केस दर्ज  हैं। विजय जेल की हवा भी खा चुका चुका है और जमानत पर वाहर आया था। दूसरे आरोपी संजीव के खिलाफ थाना रामा मंडी में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत केस दर्ज है।

Vatika