नौकरी दिलाने का झांसा देकर 9 लोगों से फ्रॉड

punjabkesari.in Tuesday, Feb 12, 2019 - 07:47 AM (IST)

जालंधर(स.ह.): कैनेडा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला ने 9 लोगों से 10 से 30 हजार रुपए लिए और सारे पैसे इकट्ठे कर फरार हो गई। थाना नं.-6 की पुलिस ने महिला एजैंट साक्षी काहलों पत्नी नितिन पाल काहलों निवासी चीमा नगर के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर लिया है। 

पुलिस को दिए बयानों में अश्वनी कुमार पुत्र रमेश कुमार निवासी शहीद बाबू लाभ सिंह नगर ने बताया कि उसने विदेश जाने के लिए अपने जानकार को कहा हुआ था। उसी के माध्यम से साक्षी उसके सम्पर्क में आई। वह साक्षी से मिलने उसके घर गया तो साक्षी का कहना था कि वह इससे पहले दिल्ली में एजैंट का काम करती थी और कई लोगों को विदेश में सैटल करवा चुकी है। अब वह अपने घर में बैठ कर ही एजैंट का काम कर रही थी। 

साक्षी ने अश्वनी को कैनेडा में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया व कुल 6.50 लाख रुपए की मांग की। अश्वनी को झांसे में लेने के लिए साक्षी ने कहा कि उसे पहले 20 हजार रुपए व पासपोर्ट देना होगा, जबकि बाकी पैसे वह कैनेडा में जाकर किस्तों में देता रहे। अश्वनी ने साक्षी को 15 हजार रुपए का चैक व 5 हजार रुपए नकद दिए। साक्षी के बताए समय के बाद भी काम नहीं बना तो वह टाल-मटोल करने लगी। काफी समय बीत जाने के बाद जब उसने साक्षी से पैसे मांगे तो उसने साफ मना कर दिया। 

बाद में पता चला कि साक्षी ने इसी तरह सुखजिंद्र से 10 हजार, बलकार सिंह, यश मेहरा, जिया, रूबी, अमरीक सिंह व विनय शक्ति से 20-20 हजार तथा शिवम से 30 हजार रुपए लेकर ठगी की है। इन सभी लोगों ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी, जिसकी जांच शुरू हुई तो पता चला कि साक्षी के पास लाइसैंस भी नहीं था और वह फर्जी तरीके से एजैंट का काम कर रही थी। पुलिस ने साक्षी को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया, लेकिन वह एक बार भी जांच में शामिल नहीं हुई जिसके बाद केस दर्ज कर लिया गया।

Anjna