दुबई भेजने के नाम पर दो सगे भाईयों से ठगे लाखों रुपए

punjabkesari.in Monday, Jan 21, 2019 - 08:37 PM (IST)

जालंधर (वरुण): दुबई भेजने के नाम पर दो सगे भाईयों से दो लाख रुपए की ठगी मारने वाले जाली ट्रैवल एजेंट खिलाफ थाना 6 की पुलिस ने केस दर्ज किया है। फिलहाल एजेंट की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। जाली एजेंट ने दोनों भाईयों को दो साल के वर्कपरमिट पर दुबई भेजने का झांसा दिया था। 

पुलिस की दी शिकायत में जगराओं के रहने वाले अवतार सिंह पुत्र भान सिंह ने आरोप लगाए थे कि 2017 में उसने अपने बेटे हरजिंदर सिंह व जसपाल सिंह को दुबई में वर्कपरमिट पर भेजने के लिए एजेंट गौरव कुमार पुत्र अश्वनी कुमार निवासी पुरानी दशहरा ग्राउंड बस्ती नौ से संर्पक किया था। गौरव ने उन्हें भरोसा दिया कि वह उनके दोनों बेटों को दुबई में अच्छी नौकरी व सैलरी का प्रबंध कर देगा लेकिन दोनों का कुल खर्चा दो लाख रुपए आएगा। 

गौरव की बातों में आकर अवतार सिंह ने उसे दो लाख रुपए और सारे दस्तावेज दे दिए। अवतार सिंह का कहना है कि कुछ ही समय बाद गौरव ने उन्हें वीजा व टीकट थमा दी। जैसे ही उसके बेटे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो पता लगा कि गौरव ने हरजिंदर व जसपाल को विस्टर वीजा दे दिया जिसके चलते एयरपोर्ट से ही उन्हें वापिस भेज दिया गया। 

उन्होंने जब गौरव से बात की तो वह टालमटोल करने लगा और बाद में फोन भी नहीं उठाए। अवतार सिंह ने पुलिस में शिकायत दी तो पुलिस ने जांच के बाद गौरव पर अलग अलग धाराओं अधीन केस दर्ज कर लिया। फिलहाल गौरव की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

Mohit