गैंगस्टर हैरी चीमा के ग्रुप का गुर्गा देसी कट्टे व गोलियों समेत दबोचा

punjabkesari.in Saturday, Aug 17, 2019 - 08:06 AM (IST)

जालंधर(वरुण): गैंगस्टर हैरी चीमा के ग्रुप के गुर्गे को स्पैशल आप्रेशन यूनिट की टीम ने 12 बोर के देसी वैपन व गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुआ करण थापर नगर निगम में सफाई कर्मचारी है जिसे हैरी चीमा ने खुद वैपन दिया था। पुलिस ने आरोपी करण को पूछताछ के लिए 2 दिन के रिमांड पर लिया है। 

एस.ओ.यू. के इंचार्ज जसविंद्र सिंह ने बताया कि ए.एस.आई. मोहन सिंह ने गुप्त सूचना पर पटेल चौक पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान पैदल आ रहे युवक को रोक कर उसकी तलाशी ली गई तो उससे 12 बोर का वैपन तथा 6 गोलियां मिलीं। पूछताछ में युवक ने खुद का नाम करण थापर पुत्र बूटा राम निवासी कैनाल कालोनी नजदीक स्पोर्ट्स कालोनी बताया। इंस्पै. जसविंद्र ने बताया कि करण गैंगस्टर हैरी चीमा के ग्रुप का सदस्य था। हैरी चीमा जब जिंदा था तो उसने उस समय करण को वैपन दिया था। हैरी की मौत के बाद भी करण ने अपने पास वैपन रखा हुआ था।

जांच में यह बात सामने आई कि इस वैपन से करण ने कोई वारदात तो नहीं की, लेकिन उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने इतना समय किस मकसद से वैपन रखा हुआ था। करण का पुराना क्रिमिनल रिकार्ड भी पुलिस खंगाल रही है। आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है। गौर रहे कि गैंगस्टर हैरी चीमा सुक्खा काहलवां गैंगस्टर का काफी करीबी था। 15 दिसम्बर 2018 को हैरी चीमा ने पार्टी को झूठ बोल कर अपनी फेसबुक फ्रैंड को चंडीगढ़ के एक होटल में बुला लिया था। हैरी ने उसके साथ जबरदस्ती की थी, लेकिन 16 दिसम्बर की सुबह जैसे ही लड़की रूम से निकली तो उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस जब होटल पहुंची तो भागने की फिराक में हैरी चीमा ने तीसरी मंजिल के रूम की खिड़की से छलांग मार दी जिससे उसकी मौत हो गई थी। 

Vatika