नोटबंदी व जी.एस.टी. का हिसाब अब जनता भाजपा से लेगी : संतोख सिंह

punjabkesari.in Wednesday, Mar 27, 2019 - 08:37 AM (IST)

जालंधर (धवन): कांग्रेसी सांसद चौधरी संतोख सिंह ने आज केन्द्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि चुनाव में जनता नोटबंदी व जी.एस.टी. का हिसाब भाजपा से लेगी। उन्होंने आज जालंधर के विभिन्न क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ व्यक्तिगत तौर पर बैठकें कीं तथा उन्हें चुनावों के लिए गतिशील किया। उन्होंने कहा कि जनता अब नहीं चाहती कि केन्द्र में भाजपा के नेतृत्व में मोदी की सरकार दोबारा सत्ता में आए। चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि अब जनता इन चुनावों में पिछले 5 वर्षों का हिसाब भाजपा नेताओं से मांगेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा को समर्थन देने वाले सहयोगी दल शिरोमणि अकाली दल भी किस मुंह से जनता से वोट मांगेगा, क्योंकि उसने भी मोदी सरकार की गलत नीतियों का विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि केवल दिखावे की राजनीति अकाली दल ने की है, जबकि उसे केन्द्र में अपना मंत्री पद ज्यादा सुरक्षित दिखाई दे रहा था। उन्होंने कहा कि केवल राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ही देश को आगे ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा जिस तरह से किसान कर्ज माफी, गरीबों की न्यूनतम आमदनी लगाने जैसे क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं, उससे भाजपा व सहयोगी दलों में भारी हलचल देखने को मिल रही है। 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने केवल पंजाब को न केवल आॢथक तौर पर मजबूत किया बल्कि किसानों, दलितों, शहरियों व व्यापारियों को भारी राहत भी दी।

Anjna