गृह क्लेश के चलते महिला ने लगाई घर में आग, पति ने रोका तो कार से मारी टक्कर

punjabkesari.in Tuesday, Nov 20, 2018 - 09:55 AM (IST)

जालंधर(कमलेश): साहिल हांडा पुत्र विपन हांडा ने बताया कि गृह क्लेश के चलते उसकी मां ने घर में आग लगा दी। साहिल ने बताया कि उनकी टाइल्स की 2 दुकानें हैं। आज वह व उसकी छोटी वहन अपनी गुरु गोबिंद नगर वाली दुकान में थे, जबकि उसके पिता नकोदर चौक वाली दूसरी दुकान पर थे। 

देर शाम 9 बजे के करीब उसकी दादी ने फोन कर बताया कि उसकी मम्मी डोली हांडा ने घर को आग लगा दी है, जिसके बाद वह घर पहुंचे तो ड्राइंग रूम पूरी तरह झुलसा हुआ देखा और दादी कमरे में लॉक थी। पहले उसने दादी को कमरे में से बाहर निकाला। उसके बाद देखा तो उसकी मां डोली, जो बाथरूम में थी, उन्हें देखकर अपना सिर दीवार पर मारने लगी। पुलिस को इस बारे सूचित किया गया। मौके पर  पहुंचे पी.सी.आर. दस्ते को उन्होंने शिकायत दी लेकिन वे बिना कार्रवाई किए लौट गए। इसके बाद उसकी मां आल्टो कार में सवार होकर कहीं जाने लगी। उसके पिता ने उसको रोकना चाहा तो कार से उसने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। साहिल ने आरोप लगाया कि उसकी मां कार की टक्कर से उसके पिता को मारना चाहती थी। 

सिविल अस्पताल में एम.एल.आर. कटाने डोली हांडा और विपन हांडा दोनों पहुंचे थे। इस दौरान डोली हांडा ने अपने माथे पर पट्टी भी कराई। पुलिस को दोनों पक्षों ने शिकायत दे दी है। उधर, डोली हांडा से जब मामले सम्बन्धी बात की गई  तो उन्होंने बताया कि वह अपने मां के घर में रहती है और आज जब वह अपने घर आई तो उसे आज उसके परिवार वालों ने मारने की कोशिश की। उसकी सास उसके पति की दूसरी शादी करना चाहती है। जब वह घर से भागने लगी तो उसके पति ने कार के आगे आकर उसको रोकना चाहा, जिस कारण वह घायल हो गया।

Vatika