अवैध कालोनियों के हमाम में कांग्रेसी व भाजपाई दोनों नंगे

punjabkesari.in Monday, Jun 25, 2018 - 08:51 AM (IST)

जालंधर (रविंदर): जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है, तब से अवैध कालोनियों व अवैध बिल्डिंगों का खूब हो-हल्ला मच रहा है। स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू प्रदेश भर में बिल्डिंग विभाग के 100 से ज्यादा अधिकारियों को अब तक सस्पैंड कर चुके हैं। 
 

 जालंधर में उनके निरीक्षण के दौरान मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया जब उन्होंने मौके पर जाकर अवैध कालोनियों व अवैध निर्माणों को देखा। खुद मंत्री जी भी हैरान रह गए कि किस तरह कांग्रेस के राज में धड़ल्ले से अवैध निर्माण व अवैध कालोनियां काटी जा रही हैं।  सिद्धू ने जालंधर में हल्ला क्या बोला, भाजपा के कुछ नेता भी अपने तेवर दिखाने बाहर निकल आए। उन्होंने सिद्धू की कार्रवाई को एकतरफा बताया और कुछेक ने विरोध करने वाले कांग्रेसी विधायक तक का नाम अवैध कालोनियों के मामले में उछाला, जबकि हकीकत यह है कि अवैध कालोनियों के हमाम में कांग्रेसी हों या भाजपाई, दोनों नंगे हैं। 

जब-जब जिसकी सरकार आती है तब-तब उसके नेता इसका फायदा उठाते हैं और सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए  रैवेन्यू को नुक्सान पहुंचाते हैं। बस्तियों की जिस अवैध कालोनी की स्थानीय निकाय मंत्री ने बात छेड़ी, निश्चित तौर पर वह कांग्रेस के राज में ही काटी गई, मगर हकीकत यह भी है कि अकाली-भाजपा के राज में भाजपाइयों ने भी धड़ल्ले से अवैध निर्माण व अवैध कालोनियों में अपने हाथ आजमाए। हैरानी इस बात की है कि कांग्रेस के राज में अभी भी कुछ भाजपाई अवैध कालोनियों के खेल में लिप्त हैं और धड़ल्ले से उनकी बात भी सुनी जा रही है। 

भाजपाई अपने ही नेताओं की कालोनियों की खोलने लगे पोल
बस्तियों के कुछ भाजपा नेताओं ने अवैध कालोनियों के खेल को उजागर करने के लिए कांग्रेस के खिलाफ हाईकोर्ट तक जाने की बात कही है, मगर दूसरी तरफ एक भाजपा नेता ने फेसबुक के जरिए अपनी ही पार्टी के एक नेता की अवैध कालोनी की पोल खोल दी। फेसबुक पर जमकर दोनों तरफ से तीखे बाण चले। यहां तक कि इस अवैध कालोनी को फेसबुक पर लाइव दिखाने के लिए मौके पर गए इस भाजपा नेता पर हमला करने का प्रयास भी हुआ और उसे मौके से जान बचाकर भागना पड़ा। क्योंकि बात 2 भाजपा नेताओं के बीच थी तो पहले इस सारी कार्रवाई को फेसबुक से डिलीट किया गया और बाद में एक बड़े भाजपा नेता के आफिस में दोनों पक्षों में समझौता भी करवाया गया, मगर इस पूरे एपिसोड ने भाजपा के उस तर्क की पोल खोल कर रख दी कि कांग्रेस के राज में कांग्रेसी धड़ल्ले से अवैध कालोनियां काट रहे हैं। 

नोटों की बारिश देख भाईवाल भी बन जाते हैं दोनों पार्टियों के नेता
अगर पिछले कुछ साल का रिकार्ड खंगाला जाए तो पता चलेगा कि जब इस अवैध खेल में नोटों की बारिश होती है तो दोनों पार्टियों के नेता कई बार भाईवाल भी बन जाते हैं। अब बात चाहे किसी भी तरफ जाए, मगर प्रदेश के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का दावा है कि अवैध निर्माण कोई भी करे, सरकार एक्शन हर हाल में लेगी। सिद्धू ने कहा है कि कार्रवाई  रुकने वाली नहीं है और राजनेताओं का साथ देने वाले अधिकारियों को भी बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह अवैध निर्माण व अवैध कालोनियों का खेल क्या रंग दिखाता है। 

एक-दूसरे की पोल खोलने के लिए गुपचुप वीडियोग्राफी कर रहे हैं नेता
अवैध कालोनियों के खेल को दोनों पार्टियों के नेता अलग रंग देने की तैयारी में हैं। कांग्रेस जहां इस मामले में भाजपा की पुरानी लिस्टें निकालने में जुटी हुई है तो अब भाजपा के नेता भी कांग्रेसियों की कालोनियों को खंगाल रहे हैं। दोनों पार्टियों के नेता गुपचुप तरीके से वीडियोग्राफी का सहारा भी ले रहे हैं। 

swetha