जालंधर-होशियारपुर हाईवे पर हो रहे अवैध निर्माणों के प्रति जे.डी.ए. ने मूंदी आंखें?

punjabkesari.in Friday, Jan 31, 2020 - 08:43 AM (IST)

जालंधर(बुलंद): जालंधर डेवलपमैंट अथारिटी (जे.डी.ए.) के कर्मचारियों की मिलीभगत से जालंधर से लेकर होशियारपुर हाईवे पर दर्जनों अवैध निर्माण सरेआम जारी हैं। आम लोगों की छोटी कालोनियों या निर्माणों पर डिच चलाने वाले जे.डी.ए. की ओर से बड़े व सिफारिशी लोगों के निर्माणों को जिस प्रकार से अनदेखा किया जा रहा है, वह हैरानीजनक है। 

मामले बारे जानकारी देते हुए कुछ कालोनाइजरों ने बताया कि जे.डी.ए. में भ्रष्टाचार इस कदर पैर पसार चुका है कि खुद विभागीय कर्मचारी ही अवैध निर्माण करने वालों को स्कीमें देते हैं कि इस प्रकार से आधी-अधूरी फाइलें दफ्तर में जमा करवाए और जब तक फाइल पर कोई एक्शन होता है, तब तक अपना काम पूरा कर लें। उसके बाद जो होगा देखा जाएगा।

जानकारी के अनुसार जालंधर-आदमपुर रोड पर कुछ कमर्शियल प्रोजैक्ट बना दिए गए हैं। कइयों ने अवैध दुकानें बनाकर लाखों रुपए में बेच दी हैं लेकिन इन सारे करोड़ों रुपए के प्राजैक्टों के बदले जो टैक्स पुड्डा के खाते में आना चाहिए था, वह नहीं आया। ऐसे में सारा बोझ आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। इसी प्रकार होशियारपुर-ऊना रोड पर काटी जा रही अवैध कालोनियों से पुड्डा के राजस्व पर तो डाका ही पड़ गया क्योंकि कई कालोनाइजरों ने तो सैटिंग कर अपनी फाइल अप्लाई करना भी उचित नहीं समझा।

हैरानी है कि पुड्डा में तीन बड़े अधिकारी 
सी.ए., ए.सी.ए., ई.ओ. के आंखें मूंदने से सरेआम कालोनाइजरों ने लूट मचा रखी है। वैसे इस विभाग का मंत्रालय मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के पास है।

Edited By

Sunita sarangal