एन्हांसमैंट वसूलना ट्रस्ट के लिए टेढ़ी खीर, शुरू हुआ विरोध

punjabkesari.in Saturday, Aug 18, 2018 - 02:04 PM (IST)

जालंधर(पुनीत): 170 एकड़ सूर्या एन्क्लेव एक्सटैंशन व 70.5 एकड़ महाराज रणजीत सिंह एवेन्यू की एन्हांसमैंट राशि कितनी वसूली जानी है, यह अभी तय नहीं हो पाया है क्योंकि आज डिप्टी डायरैक्टर से होने वाली मीटिंग छुट्टी के चलते नहीं हो पाई। बीते दिनों हुई मीटिंग में भी कोई रिजल्ट नहीं निकला था जिसके चलते डिप्टी डायरैक्टर द्वारा आज मीटिंग कॉल की गई थी जोकि अब सोमवार को होगी। 

दरें निर्धारित होने से पहले ही इसका विरोध होना शुरू हो गया है जोकि ट्रस्ट के लिए अ‘छी खबर नहीं है। वित्तीय बोझ तले दबे ट्रस्ट के लिए एन्हांसमैंट वसूलना टेढ़ी खीर साबित होगा क्योंकि दयाल चंद गर्ग जब ट्रस्ट के ई.ओ. थे तब भी एन्हांसमैंट के मुद्दे पर कड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ। सूर्या एन्क्लेव रैजीडैंट वैल्फेयर एसो. ने दो टूक कहा है कि कुछ भी हो वे एन्हांसमैंट नहीं देंगे क्योंकि ट्रस्ट ने सूर्या एन्क्लेव से करोड़ों रुपए कमाए हैं इसलिए ट्रस्ट को अगर किसानों को पैसे देने हैं तो वह खुद ही अदा करे। सूर्या एन्क्लेव रैजीडैंट वैल्फेयर एसो. के प्रधान दविन्द्र शर्मा, वाइस प्रैसीडैंट नरेश मित्तल, प्रो. एस.के. मिड्ढा, सुनील कुमार ने कहा कि यदि ट्रस्ट ने उन्हें नोटिस भेजे तो वे प्रदर्शन करेंगे जिसके लिए ट्रस्ट जिम्मेदार होगा। 

दविन्द्र शर्मा ने कहा कि 2-& साल पहले आर.टी.आई. डाली गई थी जिसमें पूछा गया था कि ट्रस्ट ने 170 एकड़ सूर्या एन्क्लेव स्कीम के लिए जमीन कितने में खरीदी, डिवैल्पमैंट पर कितना खर्च किया गया। उन्होंने कहा कि इसमें सबसे महत्वपूर्ण सवाल पूछा गया था कि ट्रस्ट ने एस.सी.ओ. (शॉप-कम-ऑफिस) नीलाम करके कितनी राशि कमाई। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट ने करोड़ों रुपए सूर्या एन्क्लेव से कमाए हैं इसलिए ट्रस्ट उन्हें आर.टी.आई. का जवाब देने से कतरा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि ट्रस्ट ने एन्हांसमैंट वसूलने की प्रक्रिया शुरू की तो ट्रस्ट दफ्तर के सामने प्रदर्शन किए जाएंगे। 

36 करोड़ निगम से वापस ले ट्रस्ट
वक्ताओं ने कहा कि सूर्या एन्क्लेव स्कीम से ट्रस्ट ने करोड़ों रुपए कमाए और निगम द्वारा मदद मांगे जाने पर 36 करोड़ रुपए दिए जिसे अभी तक वापस नहीं किया गया है। इस संबंध में ट्रस्ट द्वारा कई बार नगर निगम को लिखा गया लेकिन इसके बावजूद पैसे वापस मिलने की उम्मीद नहीं क्योंकि नगर निगम खुद वित्तीय संकट झेल रहा है। निगम की सहायता करने वाले इम्प्रूवमैंट ट्रस्ट की मौजूदा हालत ऐसी है कि ट्रस्ट अपने कर्मचारियों को समय पर वेतन भी नहीं दे पा रहा है। ट्रस्ट आगे क्या कार्रवाई करता है और सूर्या एन्क्लेव की एन्हांसमैंट की राशि क्या तय होती है, यह तो आने वाले दिनों में पता चल जाएगा लेकिन ट्रस्ट को एन्हांसमैंट के मामले में विरोध का सामना करना पड़ेगा। 

 

Vatika