साईं जी! मैं जिंदगी च बहुत गलतियां कीतियां, मम्मी-पापा वी चले गए। हुण मैं वी तुहाडे कोल ही आ रिहा आं

punjabkesari.in Monday, Mar 25, 2019 - 04:38 PM (IST)

जालंधर(मृदुल):अंबेदकर नगर के मकान नंबर-165 में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 24 साल के युवक ने फंदा लगा जान दे दी। मृतक युवक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा था कि हे साईं जी! मैं जिंदगी च बहुत गलतियां कीतियां। मेरे मम्मी-पापा वी चले गए। हुण मैं वी तुहाडे कोल ही आ रिहा आं। हालांकि सुसाइड नोट में युवक ने किसी को भी दोषी नहीं ठहराया है।  

मृतक की पहचान अभिषेक सलन पुत्र जगदीश सलन के रूप में हुई है। बड़ी बहन नैंसी जोकि मॉडल टाऊन-अर्बन एस्टेट रोड पर बुटीक चलाती है, ने बताया कि छोटा भाई अभिषेक साल 2013 में 12वीं पास करने के बाद पिछले साल 2018 में ऑस्ट्रेलिया स्टडी बेस पर पढ़ने के लिए गया था। वहां जाकर वह पढ़ाई के साथ काम करते हुए परेशान रहने लगा था। उसका किसी राजनप्रीत उर्फ प्रीत के साथ कई सालों से अफेयर चल रहा था। ऑस्ट्रेलिया जाकर भाई पढ़ाई तो करने लगा, मगर उसका मन नहीं लग रहा था जिसके कारण वह 20 मार्च को वापस आ गया था। यहां वह अंबेदकर नगर स्थित पुश्तैनी घर में अकेला रह रहा था। 

बीती दोपहर 2 बजे के करीब वह अपने भाई को अपने न्यू रसीला नगर स्थित घर में ले जाने के लिए आई। जब वह अपने घर आई तो देखा कि अभिषेक उर्फ मोनू कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है। कई बार आवाज लगाने पर भी जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उसने पड़ोस में रहते चाचा स्वीटा को फोन किया, जिन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़ कर कुंडा खोला तो देखा कि मोनू चुन्नी से बनाए फंदे में पंखे के साथ लटक रहा है। उसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया। वहीं मौके पर पहुंचे ए.एस.आई. रेशम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया। वहां पोस्टमार्टम करवा शव को वारिसों के हवाले कर दिया गया है। 

बड़ी बहन नैंसी बोली- राजनप्रीत उर्फ प्रीत नामक लड़की से थे पुराने रिलेशन
वहीं बड़ी बहन नैंसी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उनकी मां की मौत जून 2017 में हुई थी, उसके बाद से पिता और छोटा भाई परेशान रहने लगे थे। मां की मौत के बाद से पिता तो इतने परेशान रहने लगे थे कि मां की मौत के वियोग में एक महीने बाद डिप्रैशन में आकर उनकी भी मौत हो गई जिसके बाद से मोनू अकेला रह गया था। उन्होंने कहा कि भाई के राजनप्रीत उर्फ प्रीत नामक लड़की से पुराने रिलेशन थे।  

Mohit