CM के आगमन से पहले अभेद किले में तबदील हुआ डी.सी. ऑफिस

punjabkesari.in Monday, Apr 22, 2019 - 10:48 AM (IST)

जालंधर(पुनीत): सी.एम. के आगमन से पहले डी.सी. ऑफिस में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह एंट्री व एग्जिट प्वाइंट पर बैरीकेड लगाकर सुरक्षा को और मजबूत करते हुए डी.सी. ऑफिस को अभेद किले में तबदील किया गया है।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह एम.पी. प्रत्याशी चौधरी के साथ 22 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए डी.सी. ऑफिस आ रहे हैं। इसे मद्देनजर रखते हुए पुलिस व जिला प्रशासन ने तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। नामांकन भरने का समय 11 से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। 4 समर्थकों की मौजूदगी में प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र जिला चुनाव अधिकार को दिया जाएगा, यदि जिला चुनाव अधिकारी मौजूद नहीं रहेंगे तो उस स्थिति में एस.डी.एम.-2 द्वारा नामांकन स्वीकार किया जाएगा। रविवार को छुट्टी वाले दिन जिलाधीश कार्यालय में बनाया गया इलैक्शन ऑफिस खुला रहा, जहां चुनावों संबंधी कामकाज होता है। आज आधा दर्जन से अधिक व्यक्तियों द्वारा नामांकन पत्र फार्म व प्रमाणित वोटर सूची हासिल की गई। 29 तक नामांकन फार्म हासिल किए जा सकते हैं। 

वहीं, जिलाधीश कार्यालय में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है, सी.सी.टी.वी. की निगरानी में हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जाएगी। पंजाब पुलिस ही नहीं बल्कि अद्र्धसैनिक बल भी तैनात किए गए हैं। एंट्री प्वाइंट पर मैटल डिटैक्टर लगाए गए हैं। एस.डी.एम. ऑफिस वाली साइड पर किसी को भी बिना चैकिंग के अन्दर जाने की इजाजत नहीं होगी। वहीं डी.सी. ऑफिस के बाहर भी भारी सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर आफिस के एंट्री, एस.एस.पी. आफिस की एंट्री, तहसील, सुविधा सैंटर सहित डी.सी. ऑफिस के मुख्य गेट पर भी पुलिस का नाका रहेगा। 


डी.सी. ऑफिस की बदली नुहार
पिछले कुछ दिनों से डी.सी. ऑफिस में सफाई व्यवस्था में सुधार किया गया है, वहीं इस क्रम में सी.एम. के आने के चलते आज एंट्री प्वाइंट से लेकर चारों तरफ रंग-रोगन करवाया गया। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से यह कार्य चल रहा है। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि डी.सी. ऑफिस में नुहार बदल गई है, इसे कितने दिनों तक इसी तरह से साफ-सुथरा रखा जाएगा यह वक्त ही बताएगा। सी.एम. की एंट्री वाले स्थान पर जहां एक तरफ बैरीकेड लगाए गए हैं वहीं दूसरी तरफ टैंट लगाकर पार्किंग वाले स्थान को कवर किया गया है।


सी.एम. के जाने तक अंदर नहीं हो पाएगी पार्किंग 
वहीं बताया जा रहा है कि जब तक सी.एम. डी.सी. ऑफिस से वापस नहीं जाएंगे तब तक अन्दर पार्किंग नहीं हो पाएगी। सुविधा केन्द्र की तरफ पार्किंग की जा सकती है। वहीं तहसील की तरफ पार्किंग किए जाने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। अन्दर पुलिस की गाडिय़ां तैनात रहेंगी। वहीं एंट्री प्वाइंट पर सी.सी.टी.वी. कैमरे से लैस गाडिय़ां तैनात रहेंगी। पूरे कार्यक्रम की प्रशासन द्वारा वीडियोग्राफी करवाई जाएगी।

Vatika