28 साल के पंजाबी युवक ने न्यूजीलैंड पुलिस में हासिल की नौकरी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 28, 2018 - 05:04 PM (IST)

जालंधर (महेश): 28 साल के एक पंजाब युवक ने न्यूजीलैंड पुलिस में नौकरी हासिल कर अपने परिवार ही नहीं बल्कि पूरे पंजाब और विशेषकर जालंधर जिले का नाम रोशन किया है। जालंधर के गांव महेड़ू का रहने वाला रविन्द्र पाल सिंह मान पुत्र नम्बरदार करनैल सिंह मान नामक उक्त युवक 10 साल रोजी-रोटी कमाने के चक्कर में विदेश गया था। 

वहां जाकर उसने होटल मैनेजमैंट का कोर्स पूरा किया और होटल मैनेजर की नौकरी करने लगा। पूर्व जिला परिषद सदस्य व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखविन्द्र सिंह सुक्खा फोलड़ीवाल के रिश्ते में भाई लगते रविन्द्रपाल सिंह मान ने विदेश में रहते हुए न्यूजीलैंड पुलिस में भर्ती होने की इच्छा जताई, जिसके लिए उसने प्रयास भी शुरू कर दिए। उसने न्यूजीलैंड पुलिस में नौकरी करने की अपनी इच्छा को पूरा करने के लिए परीक्षा दी जिसे कि वह पास कर गया। अब उसने अपनी ट्रेङ्क्षनग इत्यादि पूरी करने के बाद पुलिस की नौकरी भी ज्वाइन कर ली है। करीब डेढ़ साल पहले वह पंजाब आया था और शादी करवाने के बाद वापिस विदेश चला गया और अपनी पत्नी को भी साथ ले गया।

न्यूजीलैंड पुलिस में नौकरी पाने के बाद रविन्द्रपाल मान का कहना है कि विदेश आने पर उसने यह कभी नहीं सोचा था कि वह कभी न्यूजीलैंड पुलिस में नौकरी हासिल कर पाएगा। उसने इसका श्रेय अपने परिवार वालों की दुआओं व यारों-दोस्तों के प्यार को दिया है। न्यूजीलैंड पुलिस की वर्दी में रविन्द्रपाल को देख मां-बाप, भाई-बहन यह यकीन ही नहीं कर पा रहे हैं कि यह उनका लाल है। बाबा किक्कर पीर दरगाह के मुख्य सेवादार सुक्खा फोलड़ीवाल बताते हैं कि रविन्द्रपाल मान ने जो खुशी अपने घर वालों को दी है, उसका कोई ठिकाना नहीं रहा है।

Vatika