जी.आर.पी. ने कांग्रेसी नेता दीपक उर्फ मोना को भेजा जेल

punjabkesari.in Monday, Mar 25, 2019 - 08:10 AM (IST)

जालंधर(गुलशन): ट्रेन के आगे खुदकुशी करने वाले अरुण बस्सी उर्फ जोगी केस में जी.आर.पी. ने नामजद किए कांग्रेसी नेता दीपक उर्फ मोना का 1 दिन का पुलिस रिमांड खत्म हो गया, जिसे रविवार शाम ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन के ज्यूडीशियल रिमांड पर भेजने के आदेश दिए। इसके बाद जी.आर.पी. ने दीपक को कपूरथला स्थित मॉडर्न जेल में भेज दिया। 

उल्लेखनीय है कि मंडी रोड पर सैलून चलाने वाले अरुण बस्सी उर्फ जोगी ने 9 फरवरी को सोढल फाटक के पास ट्रेन के आगे खुदकुशी कर ली थी। जोगी के परिजनों ने जी.आर.पी. से इस पूरे मामले की गहराई से जांच करने की मांग की थी। मृतक के पास से मिले उसके मोबाइल फोन कि शुक्रवार को जांच की गई जिसमें पुलिस को घटना से डेढ़ घंटा पहले बनाई वीडियो मिली। जिसमें उसने कहा कि दीपक उर्फ मोना ने उसके साथ यार मार की है। मुझे बर्बाद करने में उसका ही हाथ है और दीपक ही मेरी मौत का जिम्मेदार है। 

 इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी नेहा के बयानों पर धारा 306 के केस में नामजद कर सुनियोजित ढंग से कांग्रेसी नेता दीपक उर्फ मोना को गिरफ्तार कर लिया। दीपक कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री का नजदीकी बताया जा रहा है। रविवार को भी कई कांग्रेसी कार्यकत्र्ता जी.आर.पी. थाने में एकत्रित हुए। एस.एच.ओ. धर्मेंद्र कल्याण ने बताया कि रिमांड के दौरान दीपक ने अरुण के साथ पैसों की लेन-देन की बात कबूली है। अदालती आदेशों के बाद अब उसे जेल भेज दिया गया।

swetha