जरा इधर भी ध्यान दें पुलिस कमिश्नर साहब!

punjabkesari.in Saturday, Sep 21, 2019 - 10:36 AM (IST)

जालंधर: पुलिस कमिश्रर साहिब जरा ध्यान दें क्योंकि यहां एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक एक्टिवा कुछ ही दिनों में 2 बार चोरी हो गई है ,जोकि थाना 4 की पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली को दर्शाती है। जानकारी देते मानव अरोड़ा ने बताया कि उनका बेटा असीम जब 26 अगस्त को स्कूल से घर पहुंचा तो उसने एक्टिवा घर के बाहर ही पार्क कर दिया लेकिन कुछ देर बाद जब वह बाहर गया तो एक्टिवा उस स्थान से गायब थी।

बेटे ने उन्हें इसकी जानकारी दी, जिसके बाद थाना 4 की पुलिस को मामले की शिकायत दी गई। थाना 4 के एस.एच.ओ. ने एफ.आई.आर. दर्ज करने के बजाय कहा कि वह उन्हें जल्द ही एक्टिवा ढूंढ कर दे देंगे। काफी दिन तक पुलिस उन्हें इसी तरह लटकाती रही। 26 अगस्त को चोरी हुई स्कूटी की एफ.आई.आर. पुलिस ने 2 सितम्बर को दर्ज की। उसी दिन उन्हें जी.टी.बी. नगर में रहने वाले एक डाक्टर का फोन आया। डाक्टर ने उन्हें बताया कि 4 दिन से उनकी एक्टिवा जी.टी.बी. नगर स्थित गली में खड़ी है। एक्टिवा संबंधी डाक्टर ने जी.एस. होंडा में फोन कर पता किया था कि एक्टिवा किसके नाम पर रजिस्टर है। 

मानव अरोड़ा ने बताया कि जानकारी मिलते ही उन्होंने अपने स्टाफ के 2 मैंबर को एक्टिवा लाने के लिए भेजा और थाना 4 के एस.एच.ओ. को भी इस मामले बारे सूचित किया, जब उनका स्टाफ उक्त जगह पर एक्टिवा लेने के लिए पहुंचा तो एक्टिवा एक बार फिर से गायब थी। आसपास के घरों से पता लगा कि एक्टिवा कई दिन से जी.टी.बी. नगर में ही खड़ी थी। लोगों ने पुलिस को भी इस बार सूचित किया था। लोगों का दावा था कि एक पी.सी.आर. कर्मी मौके पर आकर एक्टिवा की फोटो भी लेकर गया था। पास के घर में लगे एक सी.सी.टी.वी. की फुटेज चैक की तो पता लगा कि एक युवक आराम से एक्टिवा को पैदल ही धकेलते हुए ले गया है।

गैर-कानूनी काम के लिए किया जा सकता है एक्टिवा का प्रयोग
इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता कि चोरी हुई एक्टिवा का प्रयोग गैर-कानूनी काम के लिए भी किया जा सकता है। एक्टिवा के मालिक ने तुरंत एक्टिवा के चोरी होने की सूचना पुलिस को देकर अपनी जिम्मेदारी निभाई और इसी तरह जी.टी.बी. नगर के लोगों ने भी पुलिस को जानकारी देकर अपना फर्ज निभाया। इस सारे मामले में अगर किसी का गैर-जिम्मेदराना रवैया रहा तो वह पुलिस का। अब आने वाला वक्त ही बताएगा कि इस सारे मामले में पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर अपनी जिम्मेदारी न निभाने वाले पुलिस कर्मचारियों पर क्या एक्शन लेते हैं।

swetha