9वीं पास गुरमुख से पकड़ी 1.30 करोड़ की हेरोइन

punjabkesari.in Tuesday, Aug 21, 2018 - 02:23 PM (IST)

जालंधर (महेश): गना पिंड, थाना फिल्लौर निवासी 9वीं पास 19 साल के गुरमुख सिंह पुत्र करनैल सिंह उर्फ जैला को एस.टी.एफ. व पतारा देहात पुलिस ने 1 करोड़ 30 लाख रुपए की हैरोइन (260 ग्राम) सहित काबू किया है जिसके खिलाफ थाना पतारा में केस दर्ज कर उसे अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।  एस.टी.एफ. के डी.एस.पी. सुरजीत सिंह के नेतृत्व में एस.एच.ओ. पतारा सतपाल सिद्धू, एस.आई. गोपी चंद व ए.एस.आई. बलजिन्द्र सिंह की टीम ने गुरमुख सिंह को गुप्त सूचना के आधार पर पतारा थाने के अधीन पड़ते क्षेत्र बाबा हुजरे शाह की जगह के नजदीक से पकड़ा है। यहां वह किसी को हैरोइन की सप्लाई करने आया था। आरोपी पर थाना फिल्लौर व थाना नूरमहल में भी हैरोइन की तस्करी के मामले दर्ज हैं। फिल्लौर थाने में दर्ज हुए मामले को लेकर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए रेड कर रही थी और आज वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस की जानकारी के मुताबिक गुरमुख सिंह अपनी मां कमलजीत कौर व मामा गुरदेव सिंह के साथ मिलकर हैरोइन की तस्करी करता था। अभी तक की पुलिस जांच में पता चला है कि वे चंडीगढ़ से किसी व्यक्ति से हैरोइन लेकर आते थे।  

मां और मामा हैं जेल में 
गुरमुख की मां कमलजीत कौर हैरोइन की तस्करी के मामले में मॉडर्न जेल कपूरथला व मामा गुरदेव सिंह रोपड़ जेल में सजा काट रहा है। गुरमुख का पिता करनैल सिंह जैला बीमारी के कारण गांव में ही रहता है। उस पर कोई केस दर्ज नहीं है। 

घर से बरामद हुई थी 2 करोड़ की हैरोइन व 8 लाख की ड्रग मनी 
1 जुलाई को जिला देहाती पुलिस के नारकोटिक्स सैल ने गना पिंड में गुरमुख के घर में रेड कर 2 करोड़ की हैरोइन (400 ग्राम) व 8 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की थी। इस दौरान पुलिस ने गुरमुख की मां कमलजीत कौर को तो काबू कर लिया था लेकिन गुरमुख पुलिस पार्टी के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया था। दोनों पर फिल्लौर थाने में केस दर्ज किया गया था। 

गुरमुख छिपाए पैसों से फिर करने लगा हैरोइन तस्करी 
मां कमलजीत कौर के पकड़े जाने के बाद गुरमुख ने घर में ही अलग से छुपा कर रखे लाखों रुपए से फिर हैरोइन की तस्करी शुरू कर दी। उसके चंडीगढ़ में जिस तस्कर के साथ लिंक हैं, का वह खुलासा नहीं कर रहा। उसका कहना है कि उसकी मां ही इस पूरे काम के लिए जिम्मेदार है। 

एंटी नारकोटिक्स सैल भी लेगा प्रोडक्शन वारंट
एस.टी.एफ. व पतारा पुलिस द्वारा पकड़े गए हैरोइन तस्कर गुरमुख सिंह का नारकोटिक्स सैल भी प्रोडक्शन वारंट हासिल करेगा ताकि फिल्लौर में उसके खिलाफ 400 ग्राम हैरोइन की बरामदगी को लेकर दर्ज मामले में पूछताछ की जा सके। इस मामले में गुरमुख पुलिस को वांछित था।  
 

bharti