एक्टिवा सवार विधायक राजेन्द्र बेरी ने भी किया ग्रीन लाइट होने का इंतजार

punjabkesari.in Friday, Mar 15, 2019 - 01:06 PM (IST)

जालंधर (महेश): सैंट्रल हलके से कांग्रेसी विधायक राजेन्द्र बेरी अपनी सादगी को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। साल 2017 के चुनावों में पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री व कई बार विधायक रहे मनोरंजन कालिया को हराकर विधायक चुने जाने वाले बेरी जब भी कभी किसी समारोह में शामिल होते हैं तो उनकी कभी यह कोशिश नहीं रही कि वह विधायक हैं इसलिए उन्हें बहुत ज्यादा सम्मान मिलना चाहिए।

वह विधायक बनने से पहले जैसे थे वैसे ही आज हैं। उनकी सादगी की मिसालें अक्सर सुनने को मिलती हैं। वह अपने दफ्तर में आने वाले वर्करों तथा सपोर्टरों के साथ उनके ही दोपहिया वाहन बाइक या एक्टिवा पर बैठकर उनके काम करवाने के लिए चल पड़ते हैं। वीरवार को भी जब वह अपने आफिस सैंट्रल टाऊन से किसी वर्कर के काम बाबत उसकी एक्टिवा पर नगर निगम दफ्तर जा रहे थे तो हैड पोस्ट आफिस के पास आते लाइटों वाले चौक में पहुंचने पर अचानक रैड लाइट हो गई जिस दौरान उन्होंने ग्रीन लाइट होने का आम लोगों के साथ खड़े होकर इंतजार किया। 

सिग्नल होते ही वह वहां से निकल पड़े और पी.एन.बी. चौक के पास से निगम दफ्तर के अंदर चले गए। विधायक बेरी जैसे शायद बहुत कम ही राजनीतिज्ञ होंगे जो कि वर्करों के साथ उनके दोपहिया वाहनों पर उनके काम करवाने के लिए निकल पड़ते होंगे और कानून का पालन करना भी अपना फर्ज समझते हों। 

Vatika