पार्षद हाऊस की बैठक 25 को: 200 सफाई कर्मचारियों की भर्ती करेगा निगम

punjabkesari.in Saturday, Jun 23, 2018 - 11:08 AM (IST)

जालंधर(खुराना): शहर की सफाई के मामले में बदहाल स्थिति से उबरने हेतु जालंधर नगर निगम ने 200 सफाई कर्मचारियों की नई भर्ती का प्रस्ताव जालंधर नगर निगम की 25 जून को होने जा रही पार्षद हाऊस की बैठक में डाला है। बैठक का एजैंडा आज जारी कर दिया गया। इसमें प्रस्ताव संख्या 66 में सफाई कर्मियों के 200 रिक्त पद भरने का जिक्र है। प्रस्ताव के अनुसार सफाई कर्मियों के मंजूर पद 2264 है और 2000 के करीब कर्मचारी काम कर रहे हैं। शहर का विस्तार होने के बाद सफाई कर्मियों की कमी महसूस की जा रही है। 

गौरतलब है कि अकाली-भाजपा कार्यकाल के अंतिम दिनों में पार्षद हाऊस की बैठक में 535 सफाई कर्मचारियों की भर्ती बारे प्रस्ताव पास हुआ था। अब कांग्रेस सरकार ने 200 कर्मचारियों की भर्ती का प्रस्ताव डाला है। निगम यूनियनों की इस बारे क्या प्रतिक्रिया आती है यह देखने योग्य होगा। इसके अलावा एजैंडे में वरियाणा डम्प के निकट और भूमि की खरीद करने का प्रस्ताव डाला गया है। पहले इस प्रस्ताव का विरोध कांग्रेसी पार्षदों ने किया था। एजैंडे के एक अन्य प्रस्ताव के अनुसार स्व४छ भारत मिशन के तहत निगम ने हाल ही में जो बिन लगे 600 रिक्शे खरीदने की प्रक्रिया शुरू की है, वह रिक्शे उन प्राइवेट लोगों को दिए जाएंगे जिन्हें वेस्ट पिकर्ज कहा जाता है यानी जो लोग निगम के सफाई कर्मचारी न होने के बावजूद घर-घर से अपने रिक्शे पर कूड़ा इकट्ठा करके उसे निगम के डम्प स्थान तक पहुंचाते हैं और कूड़े में से प्रयोग आ सकने या रद्दी में बिकने वाली चीजें इकट्ठी करके उसे बेचकर गुजारा चलाते है। पिछले दिनों निगम ने ऐसे 600 लोगों का सर्वे किया था और पूरी रिपोर्ट तैयार की थी। अब इनको तथा निगम के 250 कर्मचारियों को बिन लगे हुए नए रिक्शे दिए जाएंगे ताकि कूड़ा सीधा स्मार्ट बिनों में जाए जो अंडरग्राऊंड होंगे और स्व४छ भारत मिशन के तहत बनने जा रहे हैं। 

पार्षद हाऊस की बैठक में शामिल मुख्य प्रस्ताव , अधिकारियों को मिलेंगे लैपटॉप 
पंजाब सरकार डिपार्टमैंट आफ गवर्नैंस रिफॉर्मस की पॉलिसी के अनुसार नगर निगम के कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर, ज्वाइंट कमिश्नर तथा एस.ई. स्तर के अधिकारियों को लैपटॉप/कम्प्यूटर नोटबुक देने का प्रस्ताव 5 लैपटॉप की खरीद पर 3.75 लाख रुपए खर्च आएगा। 

403 सीवरमैनों का 10 लाख का बीमा 
पंजाब सरकार के आदेशों के अनुरूप निगम में कार्यरत 403 सीवरमैनों का 10 लाख का बीमा बजाज एलायंस कम्पनी से करवाया जाएगा। जिस पर निगम को 1.60 लाख रुपए प्रीमियम अदा करना होगा। 

बैस्ट  को ईनाम देगा निगम 
नगर निगम अपनी मुख्य बिल्डिंग में 80 पार्षदों के बैठने हेतु अत्याधुनिक किस्म का कौंसलर मीटिंग हाल बनवाने जा रहा है। प्रस्ताव के अनुसार आर्किटैक्ट हायर करने हेतु विज्ञापन दिया जाएगा, जिसमें बैस्ट आर्किटैक्ट को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार व तृतीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपए दिए जाएंगे। पहले नम्बर पर आने वाली एजैंसी को इस राशि में प्लान से लेकर डिजाइनिंग तथा काम पूरा होने तक सुपरविजन करनी होगी। 

स्मार्ट सिटी में बनेगा स्लाटर हाऊस 
नगर निगम ने गदईपुर में मॉडर्न स्लाटर हाऊस बनाने का जो प्लान बनाया है, उस पर 29.92 लाख खर्च आने का अनुमान है। प्रस्ताव के अनुरूप इस प्रोजैक्ट को स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करवाए जाने बारे कहा गया है। 

Vatika