93 बिल्डिंगों की दोबारा शुरू हो सकती है विजीलैंस जांच

punjabkesari.in Thursday, Jul 19, 2018 - 11:20 AM (IST)

जालंधर(खुराना): पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह ने हालांकि अवैध बिल्डिंगों बारे शुरू की गई विजीलैंस जांच को ठप्प करने के आदेश जारी किए हैं परंतु इसके बावजूद नगर निगम की विभिन्न यूनियनों द्वारा सस्पैंड किए गए निगम कर्मचारियों की बहाली को लेकर जो हड़ताल शुरू की गई है उससे कांग्रेसी नेतृत्व तथा निगम यूनियनों में तकरार बढऩे की आशंका बन गई है क्योंकि कांग्रेसी नेता सस्पैंड कर्मचारियों को किसी तरह की रियायत देने के मूड में नहीं हैं और न ही ऐसी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के इच्छुक हैं।

निगम यूनियनों की लगातार चल रही हड़ताल से ऐसी संभावनाएं भी बन रही हैं कि पंजाब सरकार दोबारा अवैध बिल्डिंगों की विजीलैंस जांच के आदेश जारी कर सकती है। इस बाबत मेयर जगदीश राजा ने बिल्डिंग विभाग के सस्पैंड हुए उच्चाधिकारियों से भी अनौपचारिक रूप से बात कर ली है। कांग्रेसी नेताओं का मानना है कि 93 अवैध बिल्डिंगों बारे विजीलैंस जांच अगर जारी रहती तो निगम के बाकी कर्मचारी भी इस दायरे में आ जाते और जो अधिकारी सस्पैंड हुए हैं उन्हें भी क्रिमिनल केस का सामना करना पड़ता। मुख्यमंत्री ने विजीलैंस जांच को रोक कर निगमाधिकारियों को बहुत बड़ी राहत प्रदान कर दी है परन्तु उसके बावजूद बिल्डिंग विभाग के अधिकारियों के समर्थन में चल रही हड़ताल से निगम का कामकाज ठप्प पड़ा है। अब देखना है कि सरकार तथा निगम यूनियनों के बीच यह टकराव क्या मोड़ लेता है।

आज से सफाई कर्मचारी तथा सीवरमैन भी हड़ताल पर जाएंगे
पिछले कई दिनों से नगर निगम की सभी यूनियनों के नेतागण संयुक्त रूप से हड़ताल पर हैं। चाहे निगम कर्मियों का 13 करोड़ का वेतन पंजाब सरकार ने रिलीज कर दिया है परंतु इसके बावजूद निगम कर्मचारी हड़ताल खत्म नहीं कर रहे। अब वीरवार और शुक्रवार को तमाम सफाई सेवक तथा सीवरमैन भी हड़ताल पर रहेंगे जिससे शहर की सूरत और बिगडऩे की संभावना है। आज हड़ताल पर बैठे निगम यूनियनों के नेताओं ने सरकार के सामने मांग रखी कि सस्पैंड हुए कर्मचारियों को तुरंत बहाल किया जाए क्योंकि सरकार ने अवैध बिल्डिंगों को राहत देने हेतु पालिसी घोषित कर दी है अगर बिल्डिंग मालिकों को राहत मिल सकती है तो फिर निगम स्टाफ पर एक्शन क्यों। इन नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार कर्मचारियों से धक्का कर रही है परन्तु अगर सरकार ने अपना रवैया न बदला तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।

फ्लड कंट्रोल रूम भी होगा बंद,बरसात आई तो डूबेगा शहर
निगम कर्मचारियों की हड़ताल में वीरवार और शुक्रवार को सभी सफाई कर्मचारी तथा सीवरमैन भी शामिल होने जा रहे हैं। ऐसे में बरसातों से निपटने के लिए नगर निगम ने जो प्रताप बाग जोन में फ्लड ैकंट्रोल रूम बना रखा है वह भी निष्क्रिय हो जाएगा। अगर इन दिनों बरसात आती है तो शहर डूबने की कगार पर आ जाएगा।

यूनियन नेताओं ने निगम की बिजली काटी
हड़ताल पर चल रहे निगम कर्मचारियों ने आज निगम की मेन बिल्डिंग की बिजली काट दी, जिस कारण अपने आफिस में मौजूद मेयर जगदीश राजा को करीब 2 घंटे पसीने से तर-ब-तर होकर कामकाज करना पड़ा। मेयर को मिलने के लिए कई शिष्टमंडल निगम पहुंचे परंतु निगम में छाए अंधेरे और बगैर पंखे के मेयर ने लोगों की बात सुनी। हड़ताली निगम कर्मचारियों ने बिजली बंद करके निगम का फारैंसिक आडिट करने आई टीम को भी वापस जाने पर विवश कर दिया।

Punjab Kesari