13 करोड़ की वेतन राशि रिलीज, मगर जारी रहेगी निगम कर्मियों की हड़ताल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 18, 2018 - 11:12 AM (IST)

जालंधर(खुराना): मेयर जगदीश राजा के प्रयासों से पंजाब सरकार ने आज जालंधर नगर निगम को करीब 13 करोड़ की राशि रिलीज कर दी जिसके बाद निगम के हजारों कर्मचारियों को वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है, परन्तु वेतन रिलीज होने के बावजूद निगम यूनियनों ने हड़ताल समाप्त करने से इंकार करते हुए निगम प्रशासन के सामने अपनी सभी मांगों पर गौर करने की शर्त रखी है। 

वेतन तथा अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे निगम कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पंजाब सफाई मजदूर फैडरेशन के प्रधान चंदन ग्रेवाल ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार सरकारी कर्मचारियों से धक्केशाही कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन 93 इमारतों के कारण निगम के 9 कर्मचारियों को सस्पैंड किया गया, वे सभी इमारतें पॉलीटिकल प्रैशर से बनी हुई हैं जिसके लिए स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को मौजूदा व पूर्व मंत्रियों, पार्षदों तथा प्रधानों पर भी एक्शन लेने की हिम्मत दिखानी चाहिए।

मंत्री सिद्धू को चाहिए कि वह या तो निलंबित कर्मचारियों को तत्काल बहाल करें या फिर उनके निलंबन का कारण बनी 93 इमारतों को भी ध्वस्त किया जाए। अगर जांच में वे दोषी पाए जाते हैं तो चाहे उन्हें निलंबित कर दिया जाए परन्तु उनकी बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा। निगम प्रशासन को यह लिखकर देना होगा कि सभी कर्मचारियों को उनका वेतन हर महीने 7 से 10 तारीख तक अदा कर दिया जाएगा। 
 

Vatika