गुरुद्वारा दीवान अस्थान की ओर से 1 जनवरी को निकाले जा रहे नगर कीर्तन की तैयारियां जोरों पर

punjabkesari.in Wednesday, Dec 25, 2019 - 10:53 AM (IST)

जालंधर: श्री गुरु गोबिन्द सिंह के पवित्र प्रकाश पर्व को समर्पित 1 जनवरी को प्रात: 11 बजे गुरुद्वारा दीवान अस्थान सैंट्रल टाऊन द्वारा निकाले जा रहे नगर कीर्तन की तैयारियां जोरों पर हैं। इस संबंध में नगर कीर्तन प्रबंधक कमेटी ने पंजाब केसरी ग्रुप के सी.एम.डी. श्री विजय चोपड़ा से निमंत्रण पत्र रिलीज करवाया। 

उक्त जानकारी देते हुए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सैंट्रल टाऊन के महासचिव गुरमीत सिंह बिट्टू तथा निर्मल सिंह बेदी ने बताया कि इससे पहले नगर कीर्तन प्रबंधक कमेटी टीम ने पुलिस प्रशासन के डी.सी.पी. बलकार सिंह तथा नगर निगम कमिश्नर दीपक से मुलाकात की। इस मौके पर पुलिस प्रशासन ने नगर कीर्तन में सुरक्षा व्यवस्था तथा ट्रैफिक व्यवस्था संबंधी आश्वासन दिलाया। इसी तरह नगर निगम के अधिकारियों ने रूट पर सफाई व्यवस्था तथा सजावट इत्यादि करने का आश्वासन दिया। नगर कीर्तन प्रबंधकों ने समूह संगत से नगर कीर्तन में पालकी साहिब के पीछे चलने की अपील की।

उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन में जालन्धर की सिंह सभाएं, धार्मिक संस्थाएं, स्री सत्संग सभा द्वारा विशेष सहयोग दिया जा रहा है। नगर कीर्तन प्रात: 11 बजे श्री गुरु सिंह सभा मोहल्ला गोबिन्दगढ़ से आरम्भ होकर शहर के पुरातन मार्ग से होता हुआ सायं को गुरुद्वारा दीवान अस्थान सैंट्रल टाऊन में आकर सम्पन्न होगा। श्री चोपड़ा द्वारा निमंत्रण पत्र रिलीज करने के मौके पर निर्मल सिंह बेदी, गुरमीत सिंह बिट्टू, इकबाल सिंह, जसकीरत सिंह जस्सी, जसविन्द्र सिंह, नीतीश कुमार, परमजीत सिंह बिट्टी, गुरमीत सिंह बाबा व जतिन आदि मौजूद थे।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News