नरेश डोगरा, अमरीक सिंह पवार व अरुण सैनी ने संभाला डी.सी.पी. का चार्ज

punjabkesari.in Wednesday, Sep 11, 2019 - 10:51 AM (IST)

जालंधर(सुधीर): पंजाब सरकार द्वारा जारी की गई तबादलों की सूची के चलते आज नरेश डोगरा (डी.सी.पी. लॉ एंड ऑर्डर), अमरीक सिंह पवार डी.सी.पी. (इन्वैस्टीगेशन) व अरुण सैनी ने डी.सी.पी. हैडक्वार्टर का चार्ज संभाला। चार्ज संभालने से पहले पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने सभी नए अधिकारियों के साथ करीब 1 घंटे तक शहर में लॉ एंड ऑर्डर को यकीनी बनाने व सोढल मेले में सुरक्षा प्रबंधों को लेकर मीटिंग की। इसके बाद तीनों अधिकारियों ने चार्ज संभाला। इसके साथ ही गुरमीत सिंह को अब डी.सी.पी. (पी.बी.आई.) का चार्ज सौंपा गया है। वहीं अब जालंधर कमिश्नरेट सिस्टम में कुल 4 डी.सी.पी. (नरेश डोगरा, अमरीक सिंह पवार, अरुण सैनी व गुरमीत सिंह) तैनात रहेंगे। 

कमिश्नरेट सिस्टम में आने वाली शिकायतों व अन्य काम की जिम्मेदारी अब एक डी.सी.पी. के हाथ में नहीं, बल्कि 4 डी.सी.पी. को बांट कर सौंपी जाएगी। चारों डी.सी.पी. पुलिस कमिश्नर गुरमीत सिंह भुल्लर के सुपरविजन में काम कर उन्हें शिकायतों व अन्य काम संबंधी रिपोर्ट करेंगे। शहर में एक साथ आए 3 नए डी.सी.पी. कमिश्नर दफ्तर में अपने कमरों को देखते दिखे। इसके बाद डी.सी.पी. नरेश डोगरा को तीसरी मंजिल, अमरीक सिंह पवार को दूसरी मंजिल, गुरमीत सिंह को पहली मंजिल से ग्राऊंड फ्लोर में पुलिस कमिश्नर के दफ्तर के सामने तथा अरुण सैनी को पहली मंजिल पर नए दफ्तर सौंपे गए। 

उल्लेखनीय है कि नरेश डोगरा इससे पहले जालंधर में बतौर ए.सी.पी. सैंट्रल व बाद में ए.डी.सी.पी. सिटी-1 के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह फिल्लौर एकैडमी में बतौर कमांडेंट और बाद में जालंधर के पी.ए.पी. में 27 बटालियन में बतौर कमांडेंट थे। ‘पंजाब केसरी’ से विशेष बातचीत दौरान उन्होंने बताया कि जालंधर से उनका पुराना नाता है और जालंधर शहर उनके लिए नया नहीं है। उन्हें बेहद खुशी है कि पंजाब सरकार द्वारा उन्हें डी.सी.पी. लॉ एंड ऑर्डर का जालंधर में ही कार्यभार सौंपा गया है तथा उन्हें शहरवासियों की दोबारा सेवा करने का अवसर मिला है।

वहीं डी.सी.पी. अमरीक सिंह पवार का भी जालंधर से पुराना नाता रहा है। इससे पहले वह जालंधर में बतौर ए.डी.सी.पी. सिटी-2 के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके बाद उन्हें पदोन्नत कर डी.सी.पी. अमृतसर भी लगाया गया था। अरुण सैनी को चंडीगढ़ से जालंधर तबदील किया गया, जबकि गुरमीत सिंह पहले भी जालंधर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। चारों अधिकारियों ने चार्ज संभालते ही अपना कार्य शुरू कर दिया, जिसके साथ पुलिस कमिश्नर ने नए अधिकारियों को मीटिंग के बाद बधाई देते हुए उन्हें ईमानदारी व मेहनत से काम करने की प्रेरणा दी।

Edited By

Sunita sarangal