जल्द से जल्द बंद पड़ी पी.ए.पी. फ्लाईओवर की लेन चालू करने के आदेश दें

punjabkesari.in Thursday, Sep 19, 2019 - 08:49 AM (IST)

जालंधर(स.ह.): काफी लंबे इंतजार के बाद लोगों को समर्पित किए पी.ए.पी. फ्लाईओवर के चालू होने के कुछ ही मिनट के बाद हुए 3 एक्सीडेंट के कारण बंद की गई लेन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने नैशनल हाईवे अथॉरिटी (एन.एच.ई.) को चिट्ठी लिख कर चिंता जताई है। ट्रैफिक पुलिस ने इस चिट्ठी में यह भी लिखा कि फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के दौरान पहले भी सड़क हादसों में लोग मारे जा चुके हैं जिसको लेकर एन.एच.ए. के खिलाफ पहले ही केस दर्ज हैं लेकिन उसके बाद भी क्यों सबक नहीं लिया जा रहा।

डी.सी.पी. ट्रैफिक नरेश डोगरा ने लैटर जारी करने की पुष्टि की है। डी.सी.पी. ने कहा कि पी.ए.पी. फ्लाईओवर का निर्माण भी देरी से हुआ और कुछ ही देर के बाद लेन को बंद करने के पीछे एन.एच.ए. की लापरवाही ही है। एन.एच.ए. के कारण जाम की स्थिति पैदा हो रही है और लोग हर रोज परेशान होते हैं। डी.सी.पी. ने कहा कि अब एन.एच.ए. को लैटर के जरिए जल्द से जल्द बंद पड़ी लेन को चालू करने को कहा है ताकि ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिले। उधर बंद पड़ी लेन को चालू करने के लिए प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। 

रामामंडी फ्लाईओवर पर लुक डालने का काम शुरू
रामामंडी फ्लाईओवर का काम तेजी से जारी है। बुधवार को फ्लाईओवर की एक साइड पर लुक डालने का काम शुरू हो गया है। इसके बाद गर्म लुक डाल कर फ्लाईओवर की सड़क तैयार की जाएगी। इसके अलावा भूर मंडी के सामने आर्मी गेट के साथ से निकलने वाली रोड को सीधा करने का काम भी चल रहा है। उक्त रोड के सीधा होने के बाद ट्रैफिक एक ही लेन में चलेगा और एक्सीडैंट के चांस भी काफी कम हो जाएंगे। वहीं टूटी सड़कों पर पैचवर्क का काम तीसरे दिन भी जारी रहा। 

जालंधर एंट्री प्वाइंट पर लगेंगे साइन बोर्ड 
जालंधर आने वाला ट्रैफिक पी.ए.पी. चौक पर रैड लाइट्स में न फंसे इसके लिए ट्रैफिक पुलिस चौक व चौक से पहले साइन बोर्ड लगवाने जा रही है। इससे जालंधर आने वाले वाहन अलग लेन से होकर सिटी में एंट्री लेंगे। ए.डी.सी.पी. ट्रैफिक गगनेश कुमार ने कहा कि वीरवार को ही बोर्ड लगा दिए जाएंगे। इससे सीधे तौर पर रैड लाइट्स पर भी ट्रैफिक ज्यादा नहीं रुकेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News