बिना किसी समारोह के ही आम जनता को समर्पित हुआ PAP फ्लाईओवर

punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2019 - 02:20 PM (IST)

जालंधर: चुनाव अचार संहित के चलते पी.ए.पी. फ्लाईओवर बिना किसी समारोह के ही आम जनता को समर्पित कर दिया गया गया। जानकारी के अनुसार यह फ्लाईओवर विधिवत रूप से 31 मार्च को जनता को समर्पित किया जाना था जबकि समय से पहले ही इसे खोल दिया गया। 

2 दिन पहले जनता को किया समर्पित
बताया जा रहा है कि लुधियाना से अमृतसर जाने वाला ट्रैफिक फ्लाईओवर से जबकि लुधियाना जाने वाला ट्रैफिक सर्विस लेन से होकर गुजरेगा। आदर्श चुनाव आचार संहिता के कारण कोई भी राजनीतिक नेता इसका उद्घाटन नहीं कर सकता, मगर ऐसी सूरत में प्रशासनिक अधिकारी ने मौके पर जाकर इसे रस्मी तौर पर शुरू कर दिया है। हालांकि प्रशासन की तरफ से इस पुल को चालू करने के लिए 31 मार्च की डैडलाइन फिक्स की गई थी, मगर फ्लाईओवर बनाने वाली कम्पनी को इसे युद्धस्तर पर मुकम्मल करने के लिए कड़ी हिदायतें जारी की गई थीं ताकि जल्द से जल्द आम जनता को पेश आ रही परेशानियों से निजात दिलाई जा सके। 

ट्रैफिक समस्या से राहत दिलाने में सहायक होगा फ्लाईओवर
गौर हो कि लंबे समय तक लटक रहा  यह प्रोजैक्ट लोगों को एक बड़ी असुविधा बन चुका है। रामा मंडी से पी.ए.पी. चौक के बीच सड़क एवं बनाए जाने वाले 3.20 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का काम बीते एक दशक से रुका पड़ा है। यह प्रोजैक्ट दिल्ली से जालंधर होते हुए अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, पठानकोट और जम्मू आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एक वरदान साबित होगा। इसके साथ-साथ यह प्रोजैक्ट शहरवासियों को ट्रैफिक समस्या से राहत दिलाने में भी सहायक साबित होगा। इस प्रोजैक्ट का लगभग शत-प्रतिशत काम पूर्ण कर लिया गया है।

फ्लाईओवर शुरू होने के एक महीने के बाद लगभग 1 या 2 दिन के लिए इसे बंद किया जाएगा ताकि दोबारा प्रीमिक्स डाली जा सके। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से लोगों को ट्रैफिक की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।  नैशनल हाईवे से सेना के अधिकारियों ने पहले ही अपने टैंक हटा लिए हैं। रामा मंडी से पी.ए.पी. चौक को चौड़ा करने का काम भी शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। डी.सी. वरिन्द्र कुमार शर्मा ने पिछले एक हफ्ते के अंदर 2 बार फ्लाईओवर बनाने संबंधी कामकाज का जायजा लिया था और संबंधित एजैंसी को उक्त काम 31 मार्च, 2019 से पहले हर हाल में पूरा करने का निर्देश जारी किया था। 


 

Vatika