699 रंगरूटों की हुई पासिंग आऊट परेड

punjabkesari.in Tuesday, Mar 20, 2018 - 11:03 AM (IST)

जालंधर/सरायखास(जसप्रीत): जालंधर-करतारपुर नैशनल हाईवे पर सरायखास में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के ग्रुप केंद्र में 699 रंगरूटों की पासिंग आऊट परेड की सलामी एन.के. भारद्वाज पुलिस महानिरिक्षक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा ली गई। पासिंग आऊट परेड में शामिल इन प्रशिक्षित जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज के सामने शपथ ली जबकि जवानों की आकर्षक कदमताल ने खूब वाहवाही बटोरी।

इस मौके पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारी जवान एवं उनके परिवार मौजूद थे।पुलिस उप महानिरीक्षक दर्शन लाल गोला द्वारा अतिथियों की अगवानी की गई। उन्होंने बताया कि जवानों को सभी अत्याधुनिक हथियारों को चलाने तथा देश की कानून व्यवस्था को संभालने और आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ करने का गहन प्रशिक्षण दिया गया है। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में नवनियुक्त आरक्षियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया गया। कार्यक्रम में मुख्य मेहमान एन.के. भारद्वाज आई.जी. (टी.आर.जी.) डायरैक्टोरेट जनरल सी.आर.पी.एफ. विशेष तौर पर पहुंचे। उनके साथ रिटायर्ड आई.जी. सत्य स्वरूप सिंह, रिटायर्ड कमांडैंट कुलदीप सिंह, डी.एल. गोला डी.आई.जी. ए.टी.सी. जालंधर, गुलाब सिंह कमांडैंट ए.टी.सी. जालंधर, सर्वजीत सिंह, बग्गा, कमल बराल व राजेश शर्मा उपस्थित रहे। 

Punjab Kesari