जब आरोपी की पैंट संभालते हुए बोला पुलिस कर्मचारी-ओ भरावा! एहदी पैंट सांभ...

punjabkesari.in Tuesday, Nov 20, 2018 - 09:56 AM (IST)

जालंधर(कमलेश): जालंधर रूरल पुलिस ने 2016 में भाई के दिल का इलाज कराने भारत आए नाइजीरियन को 1.5 किलो हैरोइन साहित काबू किया है। एस.एस.पी. नवजोत सिंह माहल ने बताया कि थाना मकसूदां के एस.एच.ओ. रमनदीप सिंह को सूचना मिली थी कि दिल्ली से एक नाइजीरियन ड्रग तस्कर जालंधर में हैरोइन की डिलीवरी देने आ रहा है, जिसके चलते पुलिस ने रविवार को राओवाली टॄनग प्वाइंट जालंधर-पठानकोट जी.टी. रोड पर नाकेबंदी की। शाम के 4 बजे एक नाइजीरियन बस से उतरकर संदिग्ध अवस्था में सरमस्तपुर पुल पर घूम रहा था, पुलिस ने डी.एस.पी. स्पैशल ब्रांच परमजीत सिंह की मौजूदगी में उसके कंधे पर टांगे हुए बैग की तलाशी ली तो उससे 1 किलो 500 ग्राम हैरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत इंटरनैशनल मार्कीट में 7.5 करोड़ के लगभग है। 

आरोपी की पहचान केल्विन अमास निवासी बेनिन सिटी नाइजीरिया और हाल वासी चंदा विहार विकासपुरी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी केल्विन के खिलाफ थाना मकसूदां में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को अदालत से आरोपी नाइजीरियन का 3 दिन का रिमांड मिला है।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी केल्विन अपनी बहन के साथ 2016 में अपने छोटे भाई के दिल के इलाज के लिए भारत आया था। भाई का इलाज दिल्ली के निजी अस्पताल में करवाया, जिसके बाद केल्विन का छोटा भाई और बहन बेंगलूर चले गए थे जबकि केल्विन विकासपुरी दिल्ली में फ्लैट लेकर रहने लगा।

पहले भी जालंधर में 2 बार दे चुका है डिलीवरी  
एस.एस.पी. नवजोत सिंह माहल ने बताया कि आरोपी केल्विन पहले भी जालंधर में हैरोइन की डिलीवरी दे चुका है। पुलिस पूछताछ में उससे पता करेगी कि वह जालंधर में किसे हैरोइन डिलीवर करता था और वहीं दिल्ली के अन्य स्त्रोतों का भी पता किया जाएगा।

पासपोर्ट भी किया जाएगा रिकवर
पुलिस ने बताया कि आरोपी केल्विन का पासपोर्ट उसके दिल्ली विकासपुरी स्थित किराए के फ्लैट से रिकवर किया जाएगा और यह भी जांच की जाएगी कि कहीं वह भारत में ओवर स्टे तो नहीं कर रहा था। आरोपी के दिल्ली के कनैक्शन भी खंगाले जाएंगे।

दिल्ली पुलिस को कई बार लिखने के बाद भी पंजाब में जारी है हैरोइन की तस्करी
जालंधर रूरल पुलिस अब तक कई नाइजीरियन नशा तस्करों को काबू कर चुकी है। हर बार जालंधर रूरल पुलिस ने दिल्ली पुलिस को इस बारे इन्फॉर्म किया, पहले भी ऐसे कई नाइजीरियन तस्कर पुलिस की गिरफ्त आए थे जो कि विकासपुरी में किराए पर फ्लैट लेकर रह रहे थे। दिल्ली पुलिस को भी इसकी सूचना है कि विकासपुरी से नाइजीरियन हैरोइन तस्करी का धंधा ऑप्रेट कर रहे हैं लेकिन फिर भी दिल्ली पुलिस का कोई कार्रवाई न करना उसे संदेह के दायरे में खड़ा करता है। ज्यादातर नाइजीरियन स्टडी वीजा पर भारत आते हैं और कई बार तस्करों के संपर्क में आकर हैरोइन के धंधे से जुड़ जाते हैं और अपनी पढ़ाई बीच में छोड़कर हैरोइन तस्करी करने लग जाते हैं। इसी तरह कई नाइजीरियन इस धंधे में जुडऩे के लिए टूरिस्ट वीजा पर भी प्रमुखता से भारत आते हैं और वीजा खत्म होने पर भी देश नहीं छोड़ते हैं।

इवो और विटसन के संपर्क में आकर तस्कर बना केल्विन 
पुलिस जांच में पता लगा है कि पकड़ा गया आरोपी विकासपुरी निवासी इवो और विटसन के संपर्क में आया। इवो और विटसन पहले से ही हैरोइन तस्करी के धंधे में संलिप्त थे, जिन्होंने केल्विन को भी लालच दिया कि इस धंधे में उतरकर वह अच्छी कमाई कर सकता है, जिसके बाद केल्विन इवो और विटसन के लिए काम करने लगा।

ओ भरावा! एहदी पैंट सांभ...
आरोपी केल्विन की ढीली पैंट प्रैस कांफ्रैंस के दौरान पुलिस के लिए फजीहत बनी रही। प्रैस कांफ्रैंस के दौरान और बाद में ले जाते समय खुद पुलिस वाले आरोपी की पैंट बार-बार ऊपर कर रहे थे लेकिन उसकी पैंट कमर पर रुकने का नाम नहीं ले रही थी और बार-बार नीचे गिर रही थी। एक पुलिस वाला अपने साथी पुलिस कर्मचारी को यही कहता सुना जा रहा था ‘ओ ओ भरावा! एहदी पैंट सांभ...।

 

 

 

swetha